नालंदा में 30 नवंबर से लापता युवक का हाथ-पैर बंधा शव मंगलवार को एक कमरे से बरामद किया गया है। मामला मानपुर थाना क्षेत्र के केवल बीघा गांव का है। मृतक की पहचान केवल बीघा गांव निवासी रामदेव चौहान के बेटे मुकेश चौहान (33) के रूप में किया गया है। पुलिस की जांच में पता चला है कि मुकेश का उसके पड़ोसी और दोस्त राजाराम की पत्नी से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों पर ही इस वारदात को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि दोनों एक साथ घटनास्थल पर भी देखे गए थे। वहीं 1 दिसंबर से दोनों घर से फरार हैं।
घटना के संबंध में मुकेश चौहान के पिता रामदेव चौहान ने बताया कि उनका बेटा 30 नवंबर की रात 8:00 बजे घर से कोई काम बोलकर गांव के हीं दक्षिण टोला सुदर्शन चौक की तरफ गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा, काफी खोजबीन की गई। बावजूद उसका कहीं पता नहीं चल सका। इसके बाद मानपुर थाने में 1 दिसंबर को गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया। मंगलवार को ग्रामीणों के द्वारा पता चला कि सिकंदर चौहान के मकान में उनके बेटे का शव पड़ा हुआ है।
रामदेव चौहान ने बताया कि उनका बेटा जब सुदर्शन चौक की तरफ से घर लौट रहा था, तभी राजाराम चौहान के घर वाले और कुछ बाहर के लोगों ने उनके बेटे की हत्या कर शव को पास के मकान में फेंक दिया था। दुर्गंध आने के बाद घटना की जानकारी मिली। वहीं मृतक के दो बच्चे हैं। वह मजदूरी करता था।
क्या बोली पुलिस
मानपुर थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि मृतक 30 नवंबर से लापता था। इस मामले में थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस खोजबीन में लगी हुई थी। मंगलवार को गांव वालों से पता चला कि मुकेश चौहान का शव गांव के ही सिकंदर चौहान के खंडहर नुमा घर में हाथ पैर बंधा हुआ मिला है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया।
हालांकि शव की स्थिति ठीक नहीं है। सदर अस्पताल से पोस्टमार्टम के लिए पटना फॉरेंसिक लैब भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
