सुपौल के सदर प्रखंड अंतर्गत हरदी स्थित एसडीएसके भुवनेश्वरी उच्च माध्यमिक स्कूल के एक शिक्षक को ग्रामीणों ने जमकर पीटा है। बुधवार को टीचर पर छात्रा से छेड़खानी का आरोप लगा है। टीचर को पीटने का वीडियो भी सामने आया है।
स्कूल में पढ़ने वाले 11वीं के छात्र कृष्ण कुमार, कुंदन कुमार ने बताया कि स्कूल में पदस्थापित टीचर शैलेन्द्र कुमार आए दिन स्कूली छात्राओं से छेड़खानी करते रहते हैं। 29 सितंबर को उन्होंने स्कूल में पढ़ने वाली एक स्टूडेंट के साथ छेड़खानी की थी। परिजन और ग्रामीणों को जानकारी मिलते ही स्कूल पहुंचकर हंगामा करते हुए आरोपी शिक्षक शैलेन्द्र कुमार की जमकर पिटाई कर दी।
छात्रों ने बताया कि शिक्षक का आचरण ठीक नहीं है। छात्रों ने शिक्षा विभाग से ऐसे टीचरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनके तबादले की मांग भी की है। शिक्षक शैलेन्द्र कुमार ने छात्रा के साथ छेड़खानी मामले को सिरे से खारिज करते हुए बताया कि 29 सितंबर को वह दोपहर 11 बजे नवीं कक्षा के बच्चों को पढ़ाकर बाहर निकला और कार्यालय में आकर बैठा ही था। अटानक बरामदे के बाहर कुछ अनजान लड़के गाली गलौज करने लगे।
बच्चों को मना करने पर तीन चार लड़कों ने कार्यालय से खींच कर बाहर निकाला और बुरी तरह से मारपीट शुरू कर दी। घटना की जानकारी डायल 112 पर पुलिस को दी गई थी। पुलिस ने जाकर मामले को शांत कराया था। वहीं, स्कूल के अन्य शिक्षकों ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया और मुझे उन लड़कों से बचाया।
स्कूल के हेड मास्टर ने मामले में पर्दा डालते हुए कहा कि ऐसे किसी भी मामले की जानकारी नहीं है। मामला था वह मिलकर बैठकर सुलझा लिया गया है। सुपौल जिले के शिक्षा विभाग के सबसे बड़े अधिकारी डीईओ सुरेन्द्र कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
