Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:3 कुख्यात गिरफ्तार...हथियार और गोली भी मिली: बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, पुलिस ने पहले ही दबोचा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 4, 2023

SUPAUL:3 कुख्यात गिरफ्तार...हथियार और गोली भी मिली: बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, पुलिस ने पहले ही दबोचा

गिरफ्तार अपराधियों के साथ पुलिस।
सुपौल में पुलिस ने अंतरजिला गिरोह के तीन अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो गन, एक देसी कट्टा, एक कार, एक ट्रैक्टर,पांच बाइक सहित तीन मोबाइल जब्त किया है।

सोमवार को समाहरणालय स्थित सुपौल पुलिस अधीक्षक कार्यलय में एसपी शैशव यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी प्रतापगंज इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की कोशिश करने वाले थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के परसा बीरबल गांव के अमर कुमार के घर पर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए कुछ अपराधी इकठ्ठा हुए हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अमर कुमार के घर पर धावा बोल दिया।

अपराधी इंद्र नारायण यादव, प्रदीप मंडल और मधेपुरा के शंकरपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले अरविंद यादव को एक लोडेड देसी कट्टा, दो लोडेड मास्केट के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के घर से एक ऑल्टो कार, एक ट्रैक्टर और पांच बाइक भी बरामद की है। एसपी ने बताया कि कुछ अपराधी भागने में सफल रहे हैं जिनकी पहचान कर ली गई है।

उनको भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अपराधी पर पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

आरोपी इंद्र नारायण यादव त्रिवेणीगंज थाना इलाके के कुशहा गांव के वार्ड नंबर 13 का निवासी हैं। प्रदीप कुमार प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र के परसा बीरबल गांव वार्ड नंबर 15 का निवासी है। वहीं तीसरा अरविंद कुमार यादव मधेपुरा के शंकरपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव का निवासी है। छापेमारी दल में बीरपुर एसडीपीओ पंकज कुमार मिश्रा, वीरपुर आंचल इंस्पेक्टर वासुदेव राय, सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।