Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS/हाथ में छाता लेकर शोरूम का शटर काटता चोर गैंग: खगड़िया में CCTV फुटेज आया सामने, 3 मिनट में तीन दफे की काटने की कोशिश लेकिन... - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, September 4, 2023

BIHAR NEWS/हाथ में छाता लेकर शोरूम का शटर काटता चोर गैंग: खगड़िया में CCTV फुटेज आया सामने, 3 मिनट में तीन दफे की काटने की कोशिश लेकिन...

खगड़िया में दुकानों के शटर काटकर चोरी करने वाले एक गैंग का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें ये गैंग दुकान का शटर काटने की कोशिश कर रहे, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस शातिर चोरों की पहचान करने और गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।

मामला शहर के नगर थाना क्षेत्र स्थित एमजी रोड का है। मान्यवर शो रूम में सोमवार की अहले सुबह सात लोगों का एक गैंग चोरी करने पहुंचा था। चोरों ने शातिर तरीके से काफी देर तक शटर को तोड़ने का प्रयास किया। जब सफल नहीं हो पाए तो वापस लौट गए। सुबह शो रूम खोलने कर्मी पहुंचे तो शटर के साथ छेड़छाड़ देख बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली। सुबह करीब 4 बजे के आसपास बारिश के दौरान चोरों के गैंग द्वारा शो रूम का शटर तोड़ने के प्रयास करते देखा गया।

संचालक दीपक कुमार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। सीसीटीवी फुटेज में कैद 3 मिनट 17 सेकंड के वीडियो में चोरों ने तीन मिनट में तीन दफे शटर तोड़ने का का प्रयास किया। सड़क पर वाहनों का आवागमन होता देख चोरों का गैंग सावधान हो जा रहा था। काफी प्रयास के बावजूद शटर नहीं टूटा तो सभी चोर वहां से वापस लौट गए।

नगर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन कर चोरों का पता लगाया जा रहा है। इस तरह की वारदात को अंजाम देने वाले गैंग को पकड़ने के लिए गंभीरता से काम किया जा रहा है।

छाता और बैग लेकर पहुंचे थे सभी चोर

शो रूम में चोरी करने पहुंचे सभी चोर अपने साथ छाता और पीठ पर बैग लटकाकर आए थे। बारिश के दौरान शो रूम के बाहर इस तरह खड़े थे, जैसे बारिश से बचने के लिए वहां कोई रुका हो। इधर चोरों के गैंग का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद शहर के व्यवसायियों की चिंता बढ़ गई है।