सहरसा के शराब तस्करों को भागलपुर पुलिस ने पकड़ा
गुप्त सूचना के आधार पर की गयी कार्रवाई में भागलपुर पुलिस की विशेष टीम को शराब की बड़ी खेप मिली. मामले में पुलिस ने शराब की खेप के साथ कार में लेकर आ रहे सहरसा के चार शराब तस्करों की भी गिरफ्तारी किया है. उनके पास से पुलिस ने एक ऑटोमेटिक लोडेड पिस्टल के साथ तीन जिंदा गोली भी बरामद कर ली है.
एसएसपी आनंद कुमार ने प्रेसवार्ता में शराब तस्करों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। जिन शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, उनमें सहरसा जिले के सोनवर्षा अमरपुर का रहने वाला मुन्ना कुमार, सौर बाजार सहुरिया का मो. शारूफ, सिमरी बख्तियारपुर तरियामा का पंकज कुमार और सोनवर्षा विशनपुर का रहने वाला अजीत कुमार शामिल हैं।
कार से शराब की खेप झारखंड से लाए जाने की सूचना पर पुलिस सतर्क हो गई थी। गोराडीह के रास्ते उनके सहरसा जाने की सूचना थी। गोराडीह थाना क्षेत्र के मोहनपुर चमेनियां बहियार में वाहन जांच शुरू कर दी गई। तेजी से आ रही कार में बैठे तस्करों ने जब पुलिस को देखा तो अचानक कार रोक दी और उससे निकलकर भागने लगे। पुलिस की टीम ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया। उनके पास से 252.720 लीटर विदेशी शराब, एक ऑटोमेटिक पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस की टीम में डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर के अलावा गोराडीह थानाध्यक्ष संजय सत्यार्थी, सबौर थानाध्यक्ष विवेक जयसवाल, एसआई विनोद, एसआई भानू प्रताप, डीआईयू के एसआई राजीव, मिथिलेश और जवान बच्चन शामिल थे।