'तुम्हारा पति मिस्त्री, मैं ठेकेदार..मुझसे शादी कर लो': नहीं मानी तो वायरल किए अश्लील वीडियो;पति बोला-पूर्णिया पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर लिए 10 हजार
'तुम्हारा पति मिस्त्री, मैं ठेकेदार..मुझसे शादी कर लो':नहीं मानी तो वायरल किए अश्लील वीडियो;पति बोला-पूर्णिया पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर लिए 10 हजार
पूर्णिया10 घंटे पहले
पूर्णिया में एक विवाहित युवती (24) का अश्लील वीडियो एक युवक ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपी उससे शादी करना चाहता है। वो महिला से अक्सर कहता कि मैं तुम्हारे पति से ज्यादा कमाता हूं। वो राजमिस्त्री है, मैं ठेकेदार हूं, मुझ से शादी कर लो।
महिला ने बताया कि वो जब शादी के लिए नहीं मानी तो उसने अश्लील वीडियो-फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। आरोपी विकास कुमार (20) उसे धमकी भी दे रहा है। इधर गांव के लोग फोटो-वीडियो वायरल होने के बाद भी आरोपी का पक्ष ले रहे हैं।
वीडियो और फोटो वायरल होने के बाद पीड़िता अपने पति के साथ मामले की शिकायत करने थाने पहुंची। महिला के पति का कहना है कि रौटा थाने की पुलिस ने कार्रवाई के नाम पर 10 हजार रुपए भी ले लिए, कोई कार्रवाई नहीं की। हारकर दंपती ने एसपी ऑफिस में इंसाफ की गुहार लगाई है।
तीन महीने पहले शुरू हुई थी बातचीत
पीड़ित महिला ने बताया कि उसका मोबाइल नंबर किसी तरह गांव के ही विकास कुमार को मिल गया। वो उससे बातचीत करने लगा। तीन महीने से दोनों में बात हो रही थी। महिला के पति को इसकी जानकारी नहीं थी। कुछ दिन बाद युवक महिला से वीडियो कॉल पर बात करने लगा। युवक ने एक दिन वीडियो कॉल कर उसे कपड़े उतारने को कहा। वह उसके झांसे में आ गई। इसके बाद युवक ने महिला की अश्लील फोटो-वीडियो ले ली।
फिर शादी के लिए धमकाने लगा
इस दौरान युवक ने उससे कहा कि उसका पति राजमिस्त्री का काम करता है। वह राजमिस्त्री का ठेकेदार है। वह उसके पति से कहीं अधिक कमाता है। इसलिए उससे शादी कर ले। महिला ने कहा कि वो पहले से शादीशुदा है और पति को नहीं छोड़ सकती। जिसके बाद आरोपी ने फेसबुक पर उसके फोटो डाल दिए।
पूरा मामला जिले के रौटा थाना क्षेत्र का है। सोमवार को पीड़ित महिला अपने पति को साथ एसपी आमिर जावेद से शिकायत करने एसपी कार्यालय पहुंची। एसपी से मुलाकात नहीं होने के बाद ऑफिस में आवेदन दे दिया।
तीन साल पहले हुई थी शादी
पीड़िता ने बताया कि जब उसके पति को इस बात का पता चला तो उन्होंने उसे काफी फटकार लगाई और मामले की शिकायत करने रौटा थाना पहुंची। थाने में कार्रवाई का भरोसा दिया गया, लेकिन पुलिस ने उसके खिलाफ किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं की।
दूसरी बार जब वह थाने गई तो पुलिस ने मामले का आवेदन साइबर थाने में देने की सलाह दी। साइबर थाने में आवेदन देने के बाद भी जब कार्रवाई नहीं हुई तो एसपी के कार्यालय में आवेदन दिया गया है।
पीड़ित महिला के पति ने बताया कि वह पूर्णिया से बाहर रह कर राजमिस्त्री का काम करता है। जब उसे इस घटना का पता चला तो वह घर पहुंचा। पति ने बताया कि तीन साल पहले उसकी शादी हुई है।
इस मामले में एसपी आमिर जावेद ने बताया कि आवेदन के बारे में हमें जानकारी नहीं है, अगर कार्यालय में आवेदन दिया है तो जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।