अरार ओपी क्षेत्र के वीरगांव चतरा में मूर्ति विसर्जन करते समय एक किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त वीरगांव चतरा वार्ड-2 निवासी मनोज कुमार यादव के पुत्र आशीष कुमार(15 वर्ष) के रुप में की गई। बताया गया कि मंगलवार देर शाम को चतरा पुल के नीचे भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा विसर्जन के बाद जल प्रवाह के दौरान पैर फिसलने से आशीष कुमार गहरे पानी में चला गया।
इसके बाद वह डूब गया। परिजनों के द्वारा काफी मशक्कत उसे पानी से बाहर निकालकर पीएचसी ग्वालपाड़ा लाया गया, जहां डॉक्टरों ने आशीष कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ओपी अध्यक्ष रौशन कुमार अस्पताल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करने भेज दिया। इधर, आशीष की मौत की खबर सुन टोले मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया। परिजनों में हाहाकार मचा हुआ है। मृतक आशीष कुमार की मां सुनीता देवी की स्थिति गम्भीर बनी हुई है।