कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र के सोनौली बाजार स्थित स्टेट बैंक के नीचे स्थित एटीएम काट कर 3 करोड़ रुपये उड़ाने पुलिस ने बचा लिया। साथ ही रूपये उड़ाने का प्रयास करने वाले एटीएम तोड़ गैंग के सरगना सहित चार शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार ने पुलिस कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी प्रोफेशनल और शातिर बदमाश है।
सभी शातिर की पहचान हसनगंज थाना क्षेत्र के ढ़ेरुआ खरबना निवासी तौसीफ रजा, डंडखोरा के हाजीटोला निवासी आरजू खान, सकरपुरा निवासी रोहताज खान, नीम टोला निवासी अख्तर अंसारी के रूप में हुई है। सभी आरोपियों की उम्र 21 से 24 वर्ष की है। वे अस्थायी रूप से महाराष्ट्र के पुणे में रहते हैं। इस घटना को अंजाम देने के लिए पुणे से सभी कटिहार एक साथ आये थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से देसी कट्टा,कारतूस, गैस कटर,छोटा सिलेंडर चाकू,3 बाइक,8 मोबाइल बरामद बरामद किया गया है।
दो दिनों से सोनौली स्टेट बैंक पास कर रहा था रेकी
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया है कि वे लोग सोनौली स्टेट बैंक के समीप पिछले दो दिनों से रेकी कर रहा था। एटीएम में तीन करोड़ रूपये रखे जाने की सूचना पर वे लोग घटना को अंजाम देने में लग गए।
गैस कटर के साथ पहुंचे थे एटीएम काटने
एसपी ने बताया कि पुलिस को सोमवार की आधी रात बाद करी 2.30 बजे सूचना मिली थी कि कदवा थाना क्षेत्र के सोनौली बाजार स्थित स्टैट बैंक ऑफ इंडिया के परिसर में स्थित एटीएम काटने का प्रयास कुछ बदमाश कर रहे हैं। सूचना पर बारसोई एसडीपीओ प्रेमनाथ राम के नेतृत्व में गठित टीम की तत्परता से तीन करोड़ की राशि को एटीएम से काटकर उड़ाने से बचा लिया गया।
बदमाशों को खदेड़ कर पकड़ा
एसपी ने बताया कि कदवा, बारसोई, बलिया-बेलौन पुलिस को घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया था। सोनैली बाजार में पुलिस को देख सभी बदमाश एटीएम काटने के सामान छोड़ कर भागने लगे। तभी बाइक से भाग रहे दो शातिर में मो. तौसिफ रजा उर्फ गुड्डू और आरजू खान को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के पास से हथियार बरामद किया गया। आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयोग करने वाले गैस सिलेंडर गैस कटर और अन्य सामान बरामद किया गया । साथ ही पूछताछ में एटीएम काटने का प्रयास कर रहे अन्य आरोपियों में रोहताज खान उर्फ एमपी और अख्तर अंसारी को गिरफ्तार किया गया। साथ ही घटना में शामिल अन्य बाइक को बरामद किया गया ।
एसपी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 461/379/413/414/382/401/411/34 भादवि एवं 25 (1-बी) ए/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। उक्त कांड में तीन और बदमाश शामिल थे। जो फरार होने में सफल हो गया है। फरार अन्य अपराधकर्मियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
महाराष्ट्र पुलिस से होगा संपर्क
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपी रहने वाले कटिहार के हैं। मगर वे लोग अस्थायी तौर पर पुणे महाराष्ट्र में रहते हैं। संबंधित आरोपियों की कुंडली को खंगालने के लिए महाराष्ट्र पुलिस से भी संपर्क किया जायेगा। जरूरत पड़ने पर महाराष्ट्र जाकर मामले का अनुसंधान किया जा सकता है।