जिले के सदर थाना अंतर्गत बुधवार अहले सुबह करिहो जमुआ टोल में एक कार में लावारिश मिले अज्ञात युवक के शव की शिनाख्त पुलिस ने कर ली है। मृतक की पहचान जिले के वारसलीगंज थाना अंतर्गत पुटरी पंचायत के वार्ड नंबर 6 निवासी रोशन कुमार (32) के रूप में हुई है। मृतक के बहनोई पिंटू कुमार सिंह ने बताया कि रोशन कुमार पटना के कंकड़बाग के खेमनीचक में रहता था। जो पहले एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। मगर बीते 1 महीने से वो ओला की टैक्सी चलाने का कार्य करता था।
अज्ञात पर हत्या की आशंका
बीते मंगलवार को पटना से सुपौल के लिए टैक्सी बुकिंग की गई थी। जिसमें यह जानकारी दी गई कि 4-5 युवक सुपौल जाएंगे। उसके बाद बुधवार को टैक्सी के संचालक ने फोन कर सूचना दी तो सुपौल सदर अस्पताल पहुंचकर मृतक के शव को देखने के बाद रोशन कुमार की पहचान हो सकी। परिजन सुपौल पुलिस अधीक्षक से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
धाने के खेत में पलटी कार में मिली थी युवक की लाश
बुधवार की सुबह सड़क के किनारे धान के खेत में कार पलटी हुई मिली थी। जिसमें एक अज्ञात युवक का शव अर्धनग्न अवस्था में बंद पड़ा हुआ था और युवक के शरीर और चेहरे पर कई गहरे जख्म के निशान थे। वहीं सदर थाने की पुलिस ने अज्ञात शव को कब्जे से में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में रखा गया था। पुलिस को कार के नंबर प्लेट से पता चला कि गाड़ी पटना के रोहित आजाद के नाम से रजिस्टर्ड कमर्शियल गाड़ी है। कमर्शियल गाड़ी के संचालक ने कार चालक के परिजनों को फोन कर सूचना दी। तो परिजन गुरुवार को सुपौल सदर अस्पताल में पहुंचे और पुलिस प्रशासन ने उनकी मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद मृतक युवक के शव को सौंप दिया।
क्या कहते हैं अधिकारी
एसडीपीओ कुमार इंद्रप्रकाश ने बताया कि एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। फिलहाल पुलिस हर बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्दी हत्याकांड मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।