Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL/बेटी का रग्बी फुटबॉल टीम में चयन:29 खिलाड़ियों की लिस्ट में छठा स्थान, चीन में आयोजन; कल ट्रेनिंग के लिए जाएगी ओडिशा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 16, 2023

SUPAUL/बेटी का रग्बी फुटबॉल टीम में चयन:29 खिलाड़ियों की लिस्ट में छठा स्थान, चीन में आयोजन; कल ट्रेनिंग के लिए जाएगी ओडिशा

सुपौल से एक बेटी अब भारत की नेशनल रग्बी टीम में खेलेगी। ओडिशा में 20 अगस्त से होने वाली एक महीने की ट्रेनिंग के लिए 17 अगस्त को रवाना हो रही है।

चीन के ताईपे में 30 सितंबर से 1 अक्टूबर तक अंतरराष्ट्रीय रग्बी फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन होना है। इसके लिए रग्बी एसोसिएशन ने 29 गर्ल्स खिलाड़ियों की सूची जारी की है, जिसमें सुपौल की अंशु का नाम छठे स्थान पर है।

सुपौल के पिपरा प्रखंड अंतर्गत निर्मली पंचायत के वार्ड 1 निवासी पवन कुमार साह की 16 वर्षीय बेटी अंशु कुमारी भागीरथ माध्यमिक उच्च विद्यालय निर्मली में 10वीं कक्षा की छात्रा है। चार सालों तक एथलेटिक्स की खिलाड़ी रही अंशु की दौड़ बेहतरीन थी। 27 मई 2022 को पहली बार उसे जिले की रग्बी टीम के साथ बतौर रिजर्व प्लेयर नवादा जिला ले जाया गया। वहां खिलाड़ियों की इंजरी होने के बाद संयोग से उसे खेलने का मौका भी मिल गया।

लड़कियों की लिस्ट में छठे स्थान पर है अंशु।
लड़कियों की लिस्ट में छठे स्थान पर है अंशु।

इसके बाद तो मानो रग्बी ही उसकी पहचान बन गई। इसी साल 5 से 7 मई को सुपौल में अंतरजिला टूर्नामेंट हुआ तो सुपौल क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ही हार कर बाहर हो गई। अंशु स्टेट टीम में चुन ली गई।

5 से 7 जून को महाराष्ट्र के पुणे में अंतरराज्यीय प्रतियोगिता में बिहार तीसरे स्थान पर रहा, लेकिन एक बार फिर अंशु के खेल ने चयनकर्ताओं को रिझा लिया। अब 29 खिलाड़ियों की सूची में उसका नाम छठे स्थान पर है।

उड़ीसा की ट्रेनिंग के बाद 15 खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी होगी। बहरहाल, अंशु की सफलता से पूरा परिवार गदगद है। बता दें कि अंशु कुमारी के पिता पवन कुमार साह अपने जमाने में स्वयं क्रिकेटर रहे हैं। वह बताते हैं कि जिस वक्त वह क्रिकेट खेलते थे, अचानक बिहार क्रिकेट बोर्ड भंग हो गया और इसके साथ ही उनका सपना भी अधूरा रह गया।

चीन में 30 सितंबर से शुरू है गेम।
चीन में 30 सितंबर से शुरू है गेम।

पवन अब मिठाई की दुकान चलाते हैं, लेकिन बेटी को आगे बढ़ते देख उसका पूरा साथ निभा रहे हैं। वह रोजाना घर से करीब 10 किलोमीटर दूर बेटी को सुपौल स्टेडियम ले जाते हैं। रोजाना शाम 5 से 7 बजे तक अंशु दौड़ का अभ्यास करती है। अंशु कुमारी के पिता पवन और मां रेखा देवी अन्य अभिभावकों से भी बेटियों को सपोर्ट करने की अपील कर रहे हैं।