कोशी लाइव/मोहनपुर SHO को बड़े बेटे ने दी मुखाग्नि...अररिया में अंतिम-संस्कार:समस्तीपुर में अपराधियों की गोली से हुए थे शहीद, बेटा बोला-हत्यारे को फांसी होनी चाहिए
बड़े बेटे ने दी आग
उनके बड़े बेटे नौ साल के हर्ष ने पिता को मुखाग्नि दी। बेटे ने कहा कि पिता के हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। बता दें कि सोमवार की रात दारोगा पशु चोर गिरोह के सक्रिय होने की सूचना पर छापेमारी करने पहुंचे थे। बदमाशों ने उनकी आंख के ऊपर गोली मार दी। इलाज के दौरान मंगलवार को पटना के आईजीएमएस में मौत हो गई थी।

वहीं, जिला प्रशासन ने राजकीय सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी सहित पुलिस के जवान मौजूद रहे। नंदकिशोर यादव चार भाइयों में सबसे छोटे थे। 2009 बैच में अवर निरीक्षक के पद पर उनकी नियुक्ति हुई थी। नंदकिशोर यादव के दो बेटे हैं। एक नौ साल का हर्ष और दूसरा छह साल का यश है।

हमें एक्सीडेंट की जानकारी मिली थी-ससुर
ससुर परमानंद यादव ने बताया कि उन्हें गलत जानकारी दी गई थी। समस्तीपुर से उन्हें फोन कर कहा गया था कि उनके दामाद का एक्सीडेंट हो गया है। जब वह मुजफ्फरपुर के आसपास पहुंचे तो उन्हें सही जानकारी मिली, फिर उन्होंने कहा कि समस्तीपुर के एसपी ने उन्हें कॉपरेट किया। उनका इलाज भी करवाया, लेकिन जो होना था अब तो हो गया।

काफी मिलनसार स्वभाव के थे-ग्रामीण
स्थानीय लोगों ने बताया कि एक महीने पहले ही वह अपने गांव आए थे। नंदकिशोर यादव काफी मिलनसार थे। गांव के युवाओं को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए प्रेरित करते रहते थे।

शहीद नंदकिशोर की शहादत की सूचना के बाद एरिया सांसद प्रदीप सिंह, सिकटी विधायक विजय मंडल, एसपी अशोक कुमार सिंह सहित वरीय पुलिस अधिकारियों और पलासी थानाध्यक्ष शिवशंकर कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी दिघली गांव पहुंचकर परिवार से मिले। उनका ढांढस बंधाया।