सोनवर्षा राज थाना क्षेत्र के काशनगर ओपी अंतर्गत लूट की घटना का पुलिस ने उद्भेदन किया है। इस मामले में पीड़ित भी गिरफ्तार हो गया। उसने ही अपराधियों के साथ मिल कर घटना की साजिश रची थी। बाद में पुलिस को शिकायत भी की।
पुलिस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि 15 अगस्त की शाम करीब 4.30 बजे काशनगर ओपी में बिंद टोली निवासी सिघेश्वर महतो के पुत्र मणि महतो ने आवेदन दिया था। आवेदन देकर बताया कि छड़ लाने गांव से सोनवर्षा राज बाजार जाने के क्रम में फतेहपुर पुल के पास एक बाइक सवार दो अपराधियों ने हथियार के बल पर एक लाख रुपए और मोबाइल लूटकर माली चौक की ओर फरार हो गया।
पुलिसिया जांच में सिमरी एसडीपीओ के नेतृत्व में एक एसआईटी गठित की गई। इसमें ओपी अध्यक्ष काशनगर, थानाध्यक्ष बसनही एवं तकनीकी शाखा के प्रभारी एवं कर्मी को टीम में शामिल किया गया।
एसआईटी ने गुप्त सूचना एवं तकनीकी आधार पर पीड़ित सहित अन्य को लूटी गई राशि और सामानों के साथ गिरफ्तार किया गया। एसपी ने बताया कि गोदराम निवासी नंदकिशोर तांती के पुत्र महादेव कुमार, पामा निवासी सुरेश पासवान के पुत्र रविंद्र कुमार, सिधेश्वर महतो के पुत्र मणि महतो, मौरा निवासी पलटन महतो के पुत्र संतोष कुमार को एक देसी कट्टा, एक कारतूस, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल, एक लूटी गई मोबाइल, लूटी गई 50 हजार राशि के साथ गिरफ्तार किया गया।