पूर्णिया में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। आम लोगों की सुरक्षा तो बहुत दूर यहां खुद पुलिस के परिवार वाले ही सुरक्षित नहीं। यहां बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े रिटायर्ड दरोगा की बेटी से झपट्टा मार उसके गले से सोने का चैन छीन लिया और फरार हो गए। घटना मरंगा थाना क्षेत्र के रामनगर पॉलिटेक्निक चौक के समीप की है। महिला अपने बेटे को स्कूल छोड़कर आ रही थी, तभी ये घटना घटी। वहीं, घटनाक्रम को अंजाम देने के बाद भाग रहे बदमाशों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में महिला को जाते हुए और बाइक सवार बदमाशों को सोने का चैन छीनकर भागते देखा जा सकता है। पीड़ित महिला की पहचान मरंगा थाना के रामनगर निवासी प्रमोद कुमार जायसवाल की बेटी प्रिया जायसवाल के रूप में हुई है।
बच्चों को स्कूल बस पर चढ़कर लौटने के क्रम में हुई छिनतई
घटना के बाबत रिटायर्ड दरोगा आरती जायसवाल की बेटी प्रिया जायसवाल ने बताया कि वह रामनगर मोहल्ले में आरती भवन नामक आवास में परिवार के साथ रहती है। रोजाना की तरह आज सुबह करीब 7 बजे वह अपनी बच्ची को घर से विश्वकर्मा मंदिर के समीप स्कूल बस पर छोड़ने आई। बस पर बच्ची को चढ़ाकर वापस गजट लौट रही थी, उसी क्रम में बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनके गले में पहने सोने के चैन की छिनतई कर ली। जब तक वह कुछ समझ पाती तब तक बाइक सवार सोने का चैन छीनकर भाग निकला। दोनों बाइक सवार की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष है।
मामले को लेकर पीड़ित महिला ने मरंगा थाना में आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने छिनतई किये गए सोने के चैन करीब 20 ग्राम की है और वह चैन काफी पुरानी थी। जिसकी कीमत लाखों में है।