कोशी लाइव/खगड़िया में एक पति ने पत्नी की हत्या की। फिर उसके शव को जूट के बोरे में भरकर बाइक से नदी में फेंक दिया। शव को 30 किमी दूर महेशखूंट-सहरसा रोड एनएच-107 में बीपी मंडल सेतु से कोसी नदी में फेंका गया है।
घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी बाइक के पीछे बोरे को बांधकर ले जाता दिख रहा है। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति सुमन कुमार (30) को भागलपुर के नवगछिया स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया है। कोसी नदी में पूजा के शव की तलाश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि आरोपी सुमन कुमार का किसी लड़की से अफेयर था। इसे लेकर पत्नी पूजा (24) के साथ अक्सर लड़ाई होती थी। सुमन की शादी 2020 में पूजा कुमार से हुई थी। दोनों की ढाई साल की बेटी भी है जो मां के लौटने का इंतजार कर रही। घटना 15 अगस्त की शाम मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हरदासचक गांव की है।
एक महीने बाद घर लौटा था आरोपी
बताया जा रहा कि आरोपी पति एक महीने से घर से गायब था। 15 अगस्त को दोपहर में वह घर पहुंचा। घर में वो करीब 3 घंटे तक रहा होगा। जिसके बाद वो बोरा लेकर घर से निकला। आरोपी सुमन ने अपनी पत्नी की हत्या कैसे की इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है। पूजा की लाश अब तक नदी से नहीं मिली है। एसडीआरएफ की टीम लाश की तलाश कर रही है।
शादी से पहले से था अफेयर
आरोपी का अफेयर किससे चल रहा और वो कहां की रहने वाली है, यह भी अभी पता नहीं चला है। हालांकि बताया जा रहा कि सुमन का अफेयर शादी से पहले से चल रहा है, लेकिन पूजा को इस बात की जानकारी शादी के एक साल बाद हुई। जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी और मनमुटाव होने लगा।
ढाई साल की बच्ची के सिर से उठा मां का साया
मृतका पूजा की ढाई साल की बच्ची भी है। जिसे अब तक पता नहीं कि उसकी मां उसे छोड़कर हमेशा के लिए चली गई है। वो अभी भी अपनी मां के लौटने का इंतजार कर रही है। मासूम बच्ची को मृतका के मायके वालों को सौंप दिया गया है। मृतका के पिता के बयान पर आरोपी पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
सदर एसडीपीओ सुमित कुमार ने कहा कि आरोपी सुमन कुमार को गिरफ्तार किया गया और उसने हत्या कर शव को नदी में फेंकने की बात कबूल ली है। पुलिस की टीम एसडीआरएफ टीम की मदद से कोसी नदी में शव की बरामदगी की कोशिश कर रही।