ग्वालपाड़ा| अरार ओपी क्षेत्र में अपराधियों ने लूटपाट के दौरान एक युवक को गोली मारकर कर जख्मी कर दिया। पेट में गोली लगने से युवक को गंभीर हालत में जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। शुक्रवार रात को आठ बजे यह घटना अरार ओपी क्षेत्र अंतर्गत डेफरा व अरार संथाली के बीच घटी। घायल की पहचान मुरलीगंज थाना क्षेत्र के तिलकरामपुर वार्ड चार निवासी नागो ऋषिदेव का पुत्र मिथिलेश कुमार(25 वर्ष) के रुप में की गई। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घेरकर एक अपराधी को दबोच लिया जबकि तीन अन्य अपराधी फरार हो गए। ग्रामीणों के हत्थे चढ़े सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत माणिकपुर वार्ड दो निवासी मिथुन कुमार की भीड़ ने धुनाई की और इसके बाद पुलिस को सौंप दिया।