डांस करते हुए शव यात्रा निकालते परिजन।
खगड़िया में एक वृद्ध महिला की मौत पर परिजनों और गांव के लोगों के द्वारा जश्न मनाने का अजब-गजब मामला सामने आया है। वृद्ध महिला की मौत पर अंतिम संस्कार के लिए निकाले गए शव यात्रा में न सिर्फ डीजे बजाया गया, बल्कि लौंडा नाच भी कराया गया।
शव यात्रा में शामिल परिजन और गांव के युवा, बच्चे और वृद्ध भी डीजे की धुन पर नर्तकियों के साथ डांस करते हुए गंगा घाट तक पहुंचे। जिसे देखने वाले लोगों के द्वारा तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी जाने लगी। मामला जिले के परबत्ता प्रखंड स्थित मड़ैया ओपी क्षेत्र के पिपरालतीफ गांव की है।
डीजे बजाकर निकाला शव यात्रा
रविवार की सुबह पिपरा लतीफ गांव के वार्ड संख्या 6 की रहने वाली 85 वर्षीय वृद्ध श्रीमती देवी की मौत हो गई। अपनी वृद्ध मां की मौत पर उनके पुत्र ललन शर्मा, सोनेलाल शर्मा और श्रीराम शर्मा ने मातम मनाने के बदले जश्न मनाने का फैसला लिया और पूरे गांव को अंतिम संस्कार में शामिल होने का न्योता दिया।
साथ ही साथ दो नर्तकियों को भी बुलाया गया। इसके बाद डीजे बजाकर पूरे गांव में घुमाया गया। फिर डीजे की धुन पर नर्तकियों के साथ नाचते झुमते शव को अंतिम संस्कार के लिए अगुवानी गंगा घाट ले जाया गया।
इस तरह शव यात्रा निकालना गलत
शव यात्रा में जश्न मनाने का वीडियो सामने आने पर इलाके के बुद्धिजीवियों द्वारा इसे गलत परंपरा की शुरुआत बता रहे हैं। बुद्धिजीवियों का कहना है कि परिवार का सदस्य हमारा साथ छोड़ जाता है तो काफी दुःख होता है। फिर मां तो इस संसार में सबसे पहले स्थान पर होती है, ऐसे में मां की मौत पर मातम मनाने के बदले इस तरह जश्न मनाया जाना निंदनीय है। उस समाज के लोगों को ऐसा करने से रोकना चाहिए।
अंतिम संस्कार धूमधाम से मनाने की थी इच्छा
मामले में मृतक वृद्ध महिला के तीनों पुत्रों से मां की मौत पर जश्न मनाने का पर सवाल पूछा गया तो बताया गया कि मां का अंतिम संस्कार धूमधाम से मनाने की इच्छा थी, इसलिए ये सब किया।