गोपालगंज: बिहार के गोपालगंज में विजयीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली की एक किशोरी अपनी दादी के साथ अपने रिश्तेदार के यहां गई थी। इस बीच वापस लौटने के दौरान वह रास्ता भटक गई।
इसके बाद किशोरी को सुनसान जगह पर देखकर बाइक सवार दो युवकों ने उसे पगरा गांव के समीप स्थित एक मंदिर के पास लाकर छोड़ दिया। मंदिर के साधु ने किशोरी को मंदिर से भगा दिया।
महिला ने दी शरण, पति ने की हैवानियत
इसके बाद किशोरी को एक महिला अपने साथ ले गई और अपने घर में शरण दी। बुधवार को महिला के पति ने ही किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद उसे बेहोशी की हालत में एक स्कूल के पास छोड़ दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने किशोरी का सदर अस्पताल में इलाज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्या बोली पुलिस
पुलिस सूत्रों ने बताया कि विजयीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के साथ यह घटना हुई है। किशोरी अपनी दादी के साथ अपने एक रिश्तेदार के यहां गई थी। वहां से दादी के साथ वापस लौटने के दौरान किशोरी रास्ता भटक गई।
किशोरी को सुनसान जगह पर देखकर बाइक सवार दो युवकों ने अपनी बाइक पर बैठाने के बाद पगरा गांव के पास एक मंदिर पर छोड़ दिया। मंदिर परिसर में किशोरी को देखकर वहां के साधु ने उसे बाहर निकाल दिया। इसके बाद किशोरी को भटकते देखकर एक महिला उसे शरण देने के नाम पर अपने घर लेकर चली गई।
बच्ची को अकेला देख पति ने की हैवानियत
यहां किशोरी के कपड़े में मिट्टी लगा देख महिला ने स्नान कर कपड़ा बदलने की बात कही और घर से बाहर चली गई। इसी बीच घर में मौजूद महिला के पति ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद किशोरी बेहोश हो गई। आरोपित ने उसे विजयीपुर थाना क्षेत्र के पगरा गांव स्थित एक स्कूल के पास लेकर जाकर छोड़ दिया।
सदर अस्पताल में भर्ती बच्ची
किशोरी को बेहोशी की हालत में देखकर राहगीरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस किशोरी को इलाज के लिए विजयीपुर सीएचसी लेकर पहुंची। यहां उसकी हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
किशोरी के होश में आने के बाद बुधवार की रात को विजयीपुर और नगर थाने की पुलिस ने उसका बयान दर्ज करने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी। फुलवरिया थानाध्यक्ष नागेंद्र सहनी ने बताया कि किशोरी के आरोप की जांच की जा रही है। साथ ही उसकी मेडिकल जांच भी कराई जा रही है।