गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में नगर थाना क्षेत्र के एक गांव की एक युवती ने पूर्व प्रेमी को फोन पर बात करने से मना कर दिया।
इससे नाराज होकर युवक ने उसे बीच रास्ते में घेरकर उसे एक शौचालय में बंधक बनाकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट करने का वीडियो भी युवक ने बनाया है। पीड़ित युवती को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पीड़ित युवती अपनी मां के साथ नगर थाने में पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए मारपीट का वीडियो भी दिखाया। यह देखकर पुलिस दंग रह गई।
जानकारी के अनुसार, एक गांव की युवती का उसके ही गांव के एक युवक से प्रेम-प्रसंग था। परंतु पीड़िता ने बीते कुछ समय से प्रेमी से बातचीत करना बंद कर दिया था। इसी वजह से वह मोबाइल बंद रख रही थी।
रास्ते में रोककर की गाली-गलौज
आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आरोपी प्रेमी ने उसे रास्ते में रोककर गाली-गलौज करने के साथ मारपीट शुरू कर दी। बुधवार को युवती अपने घर से कुछ दूरी पर अपने एक परिचित के घर पर जा रही थी। इसी दौरान यह घटना घटी।
आरोप है कि उसका पूर्व प्रेमी उसे देखकर उसका पीछा करते हुए आया और रास्ते में रोक लिया। इसके बाद उसे एक शौचालय में लेकर जाने के साथ उसकी थप्पड़ मारकर जमकर पिटाई कर दी।
महिला हेल्प डेस्क के पास पहुंची पीड़िता
आरोप है कि युवक ने पिटाई करते हुए उसका वीडियो बनाकर अपने पास रख लिया। मारपीट की घटना के बाद जख्मी युवती को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां प्राथमिक उपचार चिकित्सकों ने किया। मारपीट की घटना के बाद युवती अपनी मां के साथ नगर थाना में स्थित महिला हेल्प डेस्क पर पहुंची।
यहां मौजूद महिला पुलिस पदाधिकारी राज लक्ष्मी युवती की बातों को सुनने के साथ ही मारपीट का वीडियो देखकर दंग रह गई। पुलिस ने युवती का आवेदन लेने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी।