डीएम सावन कुमार ने शनिवार की शाम भभुआ शहर में बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर डीएम ने शहर के राजेंद्र सरोवर के पास गुलजार वाटिका के बगल में स्थित एक निजी मकान में छापेमारी कर अवैध रूप से कार्यालय चला रहे दो राजस्व कर्मचारी एवं उनके एक निजी ऑपरेटर को पकड़कर सदर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया।
इस अवैध कार्यालय के संचालन में संलिप्तता जाहिर होने पर अंचलाधिकारी के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने का डीएम ने निर्देश दिया है। गिरफ्तार किए गए राजस्व कर्मचारियों में अखलासपुर पंचायत के मोहम्मद इमरान व जागेबरांव के राजस्व कर्मचारी लाल बाबू तथा इन दोनों के निजी ऑपरेटर कृष्ण मुरारी शामिल हैं। डीएम ने छापेमारी के दौरान दाखिल-खारिज, जमाबंदी, परिमार्जन, भू-बंदोबस्त संबंधित कई गोपनीय दस्तावेजों सील कर दिया। डीएम ने थानाध्यक्ष को पकड़े गए दोनों राजस्व कर्मचारियों एवं ऑपरेटर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।
डीएम ने बताया कि अंचलाधिकारी की मिलीभगत से राजस्व कर्मचारियों द्वारा शहर के निजी मकान में अवैध रूप से कार्यालय संचालित किया जा रहा था। उन्होंने अंचलाधिकारी के विरुद्ध भी विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। डीएम को गुप्त सूचना मिली थी कि राजस्व कर्मचारियों द्वारा शहर के राजेंद्र सरोवर के बगल में स्थित एक मकान में अवैध रूप से कार्यालय संचालित किया जा रहा है। विभिन्न कार्यों के क्रियान्वयन को लेकर लोगों से अवैध रूप से राशि की वसूली की जा रही है। छापेमारी के दौरान एडीएम डॉ. संजय कुमार, एसडीओ साकेत कुमार, भभुआ बीडीओ मनोज कुमार अग्रवाल आदि थे।