Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:खनन विभाग की टीम बोलेरो सहित पुल के नीचे गिरी, इंस्पेक्टर समेत 7 घायल; कैसे हुआ हादसा? जानिए - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, August 20, 2023

BIHAR:खनन विभाग की टीम बोलेरो सहित पुल के नीचे गिरी, इंस्पेक्टर समेत 7 घायल; कैसे हुआ हादसा? जानिए

मुंगेर जिले के संग्रामपुर-गंगटा पथ पर पतघाघर-नाढ़ी के बीच पुलिया पर रविवार की सुबह करीब 7 बजे खनन विभाग की बोलेरो असंतुलित होकर 20 फीट गहरी नहर में जा गिरी। उस पर सवार सभी लोग वाहन के अंदर दबकर पानी में डूब गये। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने सभी को बोलेरो से बाहर निकाला।

इस दुर्घटना में बोलेरो पर सवार खान निरीक्षक राजू कुमार के अलावा 5 कांस्टेबल क्रमश: अमित कुमार, रमेश कुमार, मुकेश कुमार, कृष्णचंद्र कुमार तथा मोहन कुमार और वाहन चालक सुरेश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र हवेली खड़गपुर भेजा। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मुंगेर रेफर कर दिया।

सदर अस्पताल में सभी घायलों का इलाज के पश्चात डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल चालक सुरेश यादव तथा कांस्टेबल रमेश कुमार और मुकेश कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। तीनों घायलों का इलाज शहर के निजी नर्सिंग होम में किया जा रहा है। दुर्घटना में खान निरीक्षक के बाएं अंगूठे की हड्डी टूट गई है। जबकि कांस्टेबल सुरेश, रमेश और मुकेश के शरीर में कई जगह गंभीर चोटें आई हैं।

घायल राजू कुमार ने बताया कि सुबह संग्रामपुर नदी में छापेमारी कर सभी लोग खनन विभाग के सरकारी बोलेरो वाहन संख्या बीआर10पीबी 6487 से मुंगेर लौट रहे थे। इस दौरान बालू लदा एक ओवरलोड ट्रक दिखा। जिसका पीछा कर रहे थे। तभी पतघाघर-नाढ़ा के बीच पुलिया पर साइकिल सवार एक बच्चा अचानक से वाहन के सामने आ गया। साइकिल सवार बच्चे को बचाने के क्रम में बोलेरो असंतुलित होकर पुलिया के नीचे नदी में जा गिरी। और बोलेरो पर सवार सभी लोग वाहन में ही दबे रह गए। कुछ देर बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से सभी को बोलेरो से निकाल कर इलाज के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया।

जिला खनन पदाधिकारी मुंगेर रंधीर कुमार ने इस संबंध में बताया कि फिलहाल वह मुंगेर से बाहर पटना में हैं। लेकिन दुर्घटना के संबंध में जो भी सूचना मिली है, उसके अनुसार यह महज एक दुर्घटना है, किसी प्रकार की साजिश नहीं है। खनन विभाग की टीम संग्रामपुर से लौट रही थी। इसी दौरान एक बालू लदे ओवरलोड ट्रक की सूचना पर टीम पीछा कर रही थी। जो पतघाघर-नाढ़ा के बीच स्थित पुलिया पर एक साइकिल सवार बच्चे को बचाने के क्रम में असंतुलित होकर गिर गई। इस दुर्घटना में खनन निरीक्षक सहित 7 लोग जख्मी हुए हैं। दो दिन बाद मुंगेर आकर इस मामले की और तहकीकात की जाएगी।