Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: बिहार के इस जिले में दो दिन के लिए इंटरनेट बैन, महावीरी जुलूस पथराव के बाद भिड़े थे 2 पक्ष; दो दर्जन गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, August 22, 2023

BIHAR: बिहार के इस जिले में दो दिन के लिए इंटरनेट बैन, महावीरी जुलूस पथराव के बाद भिड़े थे 2 पक्ष; दो दर्जन गिरफ्तार

पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में मंगलवार शाम से इंटरनेट सेवा बंद कर दी है। उपभोक्ताओं को मोबाइल पर मैसेज भेजकर यह जानकारी दी गई। एसडीएम डॉ. अनुपमा सिंह ने इंटरनेट सेवा दो दिनों के लिए बंद करने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि 24 अगस्त दोपहर दो बजे तक पुलिस जिले में इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। ऐसा एहतियातन किया गया है। एक जुलूस में झड़प के बाद यह कदम उठाया गया है। प्रशासन मामले पर नजर रख रहा है। स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की जा रही है।

वहीं महावीरी जुलूस के दौरान झड़प मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष के दो दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसपी किरण कुमार गोरख जाधव ने बताया कि प्रत्येक पक्ष से लगभग एक-एक दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वीडियो फुटेज और फोटो के आधार अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। मामले में किसी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

बता दें कि सोमवार शाम को बगहा के रतनमाला में महावीरी जुलूस को एक धार्मिक स्थल के पास रोक दिया गया था। इससे दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर रोड़ेबाजी हुई। इसमें चार पुलिसकर्मियों समेत दर्जनभर लोग घायल हो गये थे। बाद में डीएम दिनेश कुमार राय, एसडीएम, बेतिया एसपी डी अमरकेश समेत अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

बगहा में स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। मंगलवार को भी अफवाह फैली थी। लोगों से अपील की जाती है कि अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। 
- दिनेश कुमार राय, डीएम, पश्चिम चंपारण