AIMIM के जिलाध्यक्ष रहमत अली गिरफ्तार: मालवाहक ट्रकों से डीजल चोरी करने के गिरोह में शामिल होने का आरोप
अररिया में फोरलेन पर मालवाहक ट्रकों से डीजल चोरी करने के गिरोह में शामिल होने के आरोप में AIMIM के जिला अध्यक्ष रहमत अली को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार की देर शाम न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके साथ ही दो अन्य को भी न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
पुलिस ने रहमत अली सहित 7 लोगों के खिलाफ अररिया आरएस ओपी में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। अररिया आरएस ओपी अध्यक्ष उमेश कुमार के बयान पर दर्ज केस में अमौना के मो सज्जाद, सादिक, मो इरशाद, मीरगंज के मो हसीद, मीरगंज जोगबनी के मो हसीद, चकोड़वा सोनापुर के रहमत अली, मो गालिब और उत्तर प्रदेश के सादिक आलम को आरोपी बनाया गया है।
इधर शुक्रवार की देर रात अररिया एसपी अशोक कुमार सिंह के कार्यालय से प्रेस रिलीज कर इसकी जानकारी दी गई। अररिया आरएस ओपी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एनएच-57 पर हरियाोबाड़ा टोल प्लाजा के पास बड़ी वाहनों से डीजल चुराने वाला गिरोह अपने डीसीएम गाड़ी को लगाकर कुछ वाहनों से तेल चोरी कर रहा है। इस सूचना पर आर.एस ओपी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएच-57 पर हरियाबाड़ा टोल प्लाजा के पास पहुंची। पुलिस जीप को आते देख वहां से संदिग्ध व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया।
पकड़े गए संदिग्ध व्यक्ति अपना नाम मो सज्जाद और दूसरा व्यक्ति ने अपना नाम मो हसीद बताया। उनके पास से डीसीएम गाड़ी, पाईप, रिंच और अन्य डीजल चोरी करने वाला सामान बरामद किया गया है। पकड़े गए दोनों अपराधकर्मियों द्वारा इस गिरोह के अन्य अपराधकर्मियों का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सादिक और रहमत अली को पकड़ा। जबकि अन्य अपराधकर्मी भागने में सफल रहे। घटना में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में आरएस ओपी थाना अंतर्गत कांड दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं पुलिस ने डीसीएम ट्रक, कटर मशीन, प्लास्टिक का पाइप 4 पीस और रिंच-14 पीस और अन्य तेल चोरी करने वाला सामान जब्त कर लिया है।
पूरा मामला क्या है
अररिया में ऑल इंडिया मजलिस ए इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के जिलाध्यक्ष रहमत अली को शुक्रवार की सुबह कई थाना की पुलिस ने बथनाहा के चकोरवा के सोनापुर नरपतगंज स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया था। दरअसल, शुक्रवार की सुबह अररिया आरएस ओपी क्षेत्र के हरियाबाड़ा से खड़े ट्रक से तेल चोरी करने के आरोप में एक ट्रक को बरामद करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार ट्रक ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि यह ट्रक रहमत अली का है। इसके बाद कई थाना की पुलिस चकोरवा गांव पहुंची और रहमत अली को गिरफ्तार कर अररिया टाउन थाना लाकर जेल में बंद कर दिया। इसके बाद दिन भर पुलिस ने पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर करवाई करते हुए सात लोगों पर केस दर्ज किया गया। इसमें चार लोगों की गिरफ्तारी अब तक पुलिस ने की है।