अररिया में ऑपरेशन प्रहार की बड़ी कार्रवाई: 103.21 ग्राम स्मैक के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, बाइक और नकदी बरामद
अररिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अररिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को अररिया आरएस थाना पुलिस ने 103.21 ग्राम स्मैक के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई अररिया-फारबिसगंज फोरलेन पर हड़िया टोल प्लाजा के पास की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अररिया से स्मैक की एक बड़ी खेप फारबिसगंज की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने हड़िया टोल प्लाजा के पास वाहनों की सघन जांच शुरू की।
इसी दौरान तेज रफ्तार अपाचे बाइक पर सवार दो संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पुलिस बल की सतर्कता से दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
103.21 ग्राम स्मैक, बाइक और नकदी बरामद
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से 103.21 ग्राम स्मैक, एक अपाचे मोटरसाइकिल (BR 38 N 8838), दो मोबाइल फोन और 13,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अरशद, निवासी रामपुर दक्षिण वार्ड नंबर-1, फारबिसगंज थाना क्षेत्र और मो. आजाद, निवासी कुढेली वार्ड नंबर-4, फारबिसगंज के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ अररिया आरएस थाना में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
छापेमारी टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष अंकुर कर रहे थे। टीम में सब इंस्पेक्टर विजय कुमार, सौदागर कुमार, सुमित कुमार समेत हथियारबंद पुलिसकर्मी शामिल थे।
नशे के कारोबारियों पर जारी रहेगा शिकंजा
एसडीपीओ ने कहा कि नशा मुक्त समाज बनाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में दो तस्करों को गिरफ्तार कर स्मैक बरामद की गई है। उन्होंने कहा कि तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीले पदार्थों के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।