सुपौल के छातापुर प्रखंड अंतर्गत उर्दू मध्य विद्यालय, झखाड़गढ़ में औचक निरीक्षण के लिए पहुंचे संचालन प्रभारी मो रईस ने शिक्षिका शाजदा खातून की सोई हुई तस्वीर खींच ली। इसके बाद बवाल मच गया।
पहले तो शिक्षिका ने संचालन प्रभारी को खूब खरी-खोटी सुनाई, फिर अपने भाई को बुलाकर उसकी जमकर धुनाई करवा दी। जख्मी संचालन प्रभारी ने विभागीय अधिकारी और छातापुर थाना की पुलिस को सूचना देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जख्मी पीड़ित शिक्षक मोहम्मद रईस आलम ने बताया कि रोज की तरह वह स्कूल के संचालन का कार्यभार देख रहे थे। उसी क्रम में मध्य विद्यालय के वित्तीय प्रभारी एवं प्राथमिक विद्यालय रामपुर सिद्दकी चौक के शिक्षक जनार्दन राम विद्यालय पहुंचे। जांच के क्रम में क्लास-4 में शिक्षिका साजिदा खातून सोती हुई पाई गई। हमने आवाज देकर जगाने का प्रयास किया, लेकिन शिक्षिका के नहीं जगने पर मोबाइल से उनका सोते हुए फोटो खींच लिया।
तस्वीर लेते ही शिक्षिका की नींद खुल गई। उसने अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए चप्पल से मारने का प्रयास किया। हालांकि पीछे हटने की वजह से मुझे चोट नहीं लगी। लेकिन शोरगुल सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। मामले को आपसी समझौते के तहत स्कूल में सुलझाने का प्रयास किया गया। इसी बीच शिक्षिका ने अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित ग्रामीणों की बात को अनसुना कर उनके साथ भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग शुरु कर दिया।
वहीं बात बढ़ते देख पीड़ित शिक्षक छातापुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को आवेदन देने के लिए बीआरसी निकल गए। लेकिन बीच रास्ते में ही विद्यालय से करीब 1 किलोमीटर दूर सड़क पर शिक्षिका के दो रिश्तेदारों ने शिक्षक मोहम्मद रईस को रोक और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में मोहम्मद रईस बुरी तरह जख्मी हो गए। जब तक आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचते, तब तक दोनों फरार हो गए।
मारपीट के दौरान शिक्षिका के रिश्तेदारों ने शिक्षक का मोबाइल और बाइक की चाबी भी छीन ली। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों द्वारा शिक्षक जख्मी को छातापुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छातापुर थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में आरोपी शिक्षिका शाजदा खातून से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया तो उनके द्वारा तबीयत ठीक नहीं होने की बात कही गई। जबकि छातापुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी प्रभा कुमारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
वहीं छातापुर थानाध्यक्ष राम इकबाल पासवान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।