सुपौल में नवविवाहिता ने ससुराल वालों से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। नव विवाहिता को ससुराल वाले लगातार दहेज और सुन्दर ना दिखने के लिए प्रताड़ित करते थे। पति की दूसरी शादी की खबर सुन कर विवाहिता ने यह कदम उठाया। पिता ने लड़की के ससुराल वालों पर आरोप लगाया है।
रतनपुर थाना अंतर्गत भगवानपुर वार्ड 6 निवासी सविता कुमारी ने 22 जुलाई को भूसाघर में फंदे से लटक कर जान देने के मामले में परिजनों ने उसके पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। म़ृतका सविता के पिता राम नारायण शर्मा ने कहा कि उन्होंने पांच लाख रुपए कर्ज लेकर 23 जनवरी 2023 को अपनी बेटी सविता (21) की शादी पूरे रीति रिवाज से सरायगढ-भपटियाही प्रखंड अंतर्गत माकैर गढ़िया निवासी सियाराम शर्मा के बेटे मनीष कुमार (24) के साथ घूमधाम से की थी। शादी के बाद से ही सविता को ससुराल वाले प्रताड़ित करने लगे थे। उसकी ससुराल में पति के अलावा सास-ससुर हैं। उसके साथ मारपीट करते थे। मायके वालों से बात भी नही कर देने थे। उसे जान से मारने की धमकी देते थे। सविता के ससुराल वाले और पति मनीष उसे सुंदर नहीं होने का ताना देते थे। दहेज को लेकर सभी प्रताड़ित करते थे। जिस वजह से 03 महीने पहले से सविता ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर मायके में रहने लगी थी। बावजूद ससुराल वाले उसे फोन कर प्रताड़ित करते थे।
पति की दूसरी शादी से परेशान होकर लगाई फांसी
म़ृतका के पिता ने कहा कि हम लोगों को उम्मीद थी कि समय बीतने के साथ ही सब कुछ ठीक हो जाएगा। इसी बीच एक सप्ताह पहले सविता के पति मनीष ने दूसरी शादी रचा ली। सविता को इसकी सूचना फोन पर मिली। जिसके बाद से सविता परेशान रहने लगी थी। परेशान होकर बीते 22 जुलाई की दोपहर उसने भूसाघर में फंदे से लटक कर अपनी जान दे दी।
रतनपुर थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका मायके में बीते तीन माह से रह रही थी। प्रथम दृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल मामले में जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।