सहरसा में सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा सोमवार रात किसी ने तोड़ दी। जिसके बाद मंगलवार सुबह स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और तीन घंटे तक सड़क जाम किया। इस दौरान लोगों ने चौक पर स्थायी चौकी बनवाने सहित अन्य मांगें रखी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। घटना सदर थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी कॉलोनी की है। पुलिस के अनुसार असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा को तोड़ा है।
7 साल में नेता जी की प्रतिमा दो बार तोड़ी जा चुकी
एनएसयूआई के नेता मनीष कुमार के अनुसार 7 साल में नेता जी की प्रतिमा दो बार तोड़ी जा चुकी है। सात साल पहले जब प्रतिमा तोड़ी गई थी तब तिरंगा मार्च निकाला गया था। उसी समय से जिला प्रशासन से मांग की गई थी कि चौक पर स्थायी पुलिस चौकी की व्यवस्था की जाए। लेकिन अब तक चौकी का निर्माण नहीं हुआ है। कहा कि हमारी मांग है कि भव्य प्रतिमा का निर्माण हो, गोलंबर भी बने, स्थायी पुलिस चौकी बने। इन्हीं मांगों को लेकर सड़क जाम किया गया।
प्रतिमा तोड़ने वाले की पहचान की जा रही
वहीं, सदर थाना अध्य्क्ष सुधाकर कुमार ने कहा कि नेता जी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों ने तोड़ा है। इसी को लेकर अक्रोशित लोगों ने रोड जाम किया। लोगों को समझा-बुझाकर शांत करवाया गया है। जिसने भी इस तरह की घटना को अंजाम दिया है उसकी पहचान की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।