कटिहार में बिजली की समस्या को लेकर प्रदर्शनकारियों पर पुलिस के द्वारा की गई फायरिंग में 2 लोगों की मौत के बाद सियासी गलियारों में काफी हलचल मच गई है। नीतीश सरकार पर विपक्ष लगातार हमला बोल रहा है। इस बीच एआईएमआईएम प्रमुख ओवैसी ने भी सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला है।
गुरुवार को ट्वीट कर ओवैसी ने कहा है कि बिहार में बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस की गोलियों से मोहम्मद खुर्शीद और सोनू साह मारे गये और नियाज़ गंभीर तौर से घायल हैं। हम ख़ुर्शीद और सोनू के परिवार के साथ खड़े हैं। दुआ करते हैं के अल्लाह नियाज़ को शिफ़ा अदा करे। यह एक शर्मनाक हादसा है। बिहार पुलिस की कारवाही को नीतीश कुमार और तेजस्वी यादव के मंत्री ने जायज़ कहा और पीड़ित पर बदमाशी का इल्ज़ाम लगा दिया। ग़रीब लोग बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग करें तो उन पर गोली चला दो? ऐसे मिलेगा सामाजिक न्याय और सिक्यूलरिज्म, ऐसे हराया जाएगा भाजपा को? हुए तुम दोस्त जिस के दुश्मन उस का आसमां क्यूं हो।
वहीं दूसरी ओर बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कटिहार की घटना को लेकर कहा है कि राज्य के अंदर जो भी घटनाएं हो रही हैं, उसकी जांच कराई जाएगी। जांच के बाद अगर प्रशासन के लोग दोषी पाए जाएंगे तो उनके ऊपर कार्रवाई की जाएगी या फिर आंदोलन करने वाले दोषी होंगे उनपर भी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज है, तानाशाह और हिटलर का राज नहीं है।