Kosilive Supaul:
जिले के राघोपुर थाना अंतर्गत एनएच 106 मुख्य मार्ग में सतकोदरिया के पास एक ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में जबरदस्त ठोकर मार दी। ई रिक्शा पर सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों जख़्मी का उपचार राघोपुर रेफरल अस्पताल में चल रहा है।
मृतका महिला 45 वर्षीय रम्भा देवी है। वह पिपरा थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव की रहने वाली थी। महिला के पति रमेश चौधरी ने बताया कि प्रत्येक रविवार को वह राघोपुर प्रखंड अंतर्गत धरहरा में स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना करने जाया करती थी। रविवार को सुबह करीब 10 बजे ई-रिक्शा रिजर्व करके अपने 24 साल के बड़े बेटे गंगाधर जयसवाल के साथ महादेव के शिव मंदिर की पूजा करने के लिए निकले थे। मंदिर से पूजा अर्चना कर 11:00 बजे वापस ई रिक्शा में सवार होकर लौट रही थी।
सहरसा वीरपुर मुख्य मार्ग एनएच 106 पर सतकोदरिया के समीप सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में जबरदस्त ठोकर मार दी। ई रिक्शा पर सवार चालक समेत मां, बेटा गिर कर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी जख्मी को राघोपुर रेफरल अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचाया।
जख्मी में ई रिक्शा चालक राघोपुर निवासी 40 वर्षीय मोहम्मद निजाम, रिक्शा पर सवार गंगाधर जायसवाल शामिल हैं। जबकि रंभा देवी को गंभीर चोट लगने की वजह से राघोपुर रेफरल अस्पताल के चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने सोमवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है। महिला की मौत की खबर सुनकर परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। राघोपुर थानाध्यक्ष रजनीश केसरी ने बताया कि ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा में ठोकर मारा दी। एक महिला की मौत हुई है। पुलिस कार्रवाई में जुटी है।