Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA NEWS:डीएम ने अपराधियों पर कसा शिकंजा, कुख्यात बिजली यादव के साथ अन्य दस अपराधी अब अलग-अलग जिलों में सुबह-शाम लगाएंगे हाजिरी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, June 22, 2023

SAHARSA NEWS:डीएम ने अपराधियों पर कसा शिकंजा, कुख्यात बिजली यादव के साथ अन्य दस अपराधी अब अलग-अलग जिलों में सुबह-शाम लगाएंगे हाजिरी

बिहार अपराध नियंत्रण अधिनियम 1981 के अंतर्गत आपराधिक पृष्ठभूमि वाले ग्यारह असामाजिक तत्वों को जिला दंडाधिकारी सह जिलाधिकारी, सहरसा ने जिला और थाना बदर का आदेश दिया है। अपने आदेश में जिलाधिकारी ने कहा है कि इनकी संभावित दबंगता एवं आपराधिक गतिविधियों से जनहित में विधि-व्यवस्था की समस्या हो सकती है।

पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर जिला दंडाधिकारी ने बीसीसीए वाद में अपने न्यायालय में प्रतिवादियों एवं राज्य की ओर से अपर लोक अभियोजक से सुनवाई कर जिला या थाना बदर का आदेश पारित किया है। अपने आदेश में उन्होंने कहा कि यह वर्तमान में न्यायालय से जमानत पर मुक्त है। यह अपराधी काफी मनबढ़ एवं उपद्रवी किस्म का व्यक्ति है। ये संज्ञेय अपराध में संलिप्त रहे हैं एवं इनकी गतिविधि सक्रिय है। इनके क्षेत्र में उपस्थित रहने से विधि-व्यवस्था की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है।

प्रशासनिक एवं जनहित में जिला या थाना बदर किये गये संबंधित थाना में सदेह उपस्थित होकर प्रत्येक दिन नौ बजे पूर्वाह्न से 11 बजे पूर्वाह्न तक एवं पांच बजे अपराहन से 8 बजे अपराहन तक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। संबंधित थाना प्रभारी को आदेश दिया गया कि उनके थाना में तड़ीपार किये गये असामाजिक तत्व का प्रतिदिन पंजी में उपस्थिति दर्ज कराएंगे और पुलिस अधीक्षक को साप्ताहिक प्रतिवेदन देना सुनिश्चित करेंगे।

जिले के इन 11 अपराधिक पृष्ठभूमि रखने वालों पर सख्ती डीएम ने 11 आपराधिक पृष्ठभूमि के असामाजिक तत्वों को बीसीसीए के अंतर्गत जिला या थाना बदर किया है।

डीएम ने महिषी थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या 40 के धमसैनी निवासी प्रशंत राम के पुत्र त्रिपाल राम उर्फ कृपाल, सिमराहा थाना क्षेत्र के फुलचंद्र यादव के पुत्र अभिनंदन कुमार उर्फ अभय कुमार को मधेपुरा के सिंहेश्वर थाना, सहरसा बस्ती के मो सतीम उर्फ मकसूद के पुत्र अबु बकर उर्फ सोनू को सुपौल थाना, हटियागाछी के स्व बद्री चौधरी के पुत्र राजदीप चौधरी को मधेपुरा के मुरलीगंज, सौर बाजार के अर्राहा निवासी पपलू यादव के पुत्र चंदन यादव को सुपौल थाना, सहरसा के वार्ड नंबर 40 धमसैनी के वाणेश्वर शर्मा के पुत्र मिथिलेश कुमार को बनगांव थाना, यहीं के लक्ष्मण शर्मा के पुत्र अभिमन्यु शर्मा उर्फ मन्नू शर्मा को सुपौल के प्रतापगंज थाना, हटियागाछी के स्व बद्री चौधरी के पुत्र रंजीत चौधरी को मधेपुरा के कुमारखंड थाना, बसनही थाना के तमकुल्हा निवासी सिको यादव उर्फ सिकेंद्र यादव के पुत्र बिजली यादव को पटना के दानापुर थाना, बनगांव बरियाही के पीरबत चौधरी के पुत्र चंदन चौधरी को सोनवर्षा थाना, सौर बाजार भवटीया निवासी प्रद्युमन यादव के पुत्र गुंजन कुमार को सुपौल के पिपरा थाना में अब सुबह और शाम हाजिरी लगाने का निर्देश दिया गया है।