Kosilive Bihar News in Hindi:
बिहार के नवादा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। रोह में सूदखोरी के जाल में उलझकर एक कर्जदार को अपनी जान गंवानी पड़ी। परिजन का आरोप है कि सूदखोर ने महंगे ब्याज दर वाले कर्ज को न चुकाने पर एक युवक को नंगा कर उसकी बेरहमी से पिटाई की। उसके गुप्तांग में बोतल घुसा दी। इससे आहत होकर युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। जीआरपी को युवक का शव रेलवे ट्रैक पर दो टुकड़ों में बंटा हुआ मिला।
मामला रोह थाना अंतर्गत रोह गांव से जुड़ा है। खलीफा टोला निवासी जसीम नगारी ने सूदखोर सलीम नगारी से 70 हजार रुपए कर्ज लिया था, जो चंद माह में दो लाख हो गया है। वसूली के लिए सूदखोर लगातार दबाव डाल रहा था। इसके लिए वह कर्जदार को गाली गलौज और घर से महिलाओं को उठा ले जाने की धमकी देता था। हद तब हो गई, जब सूदखोर ने शनिवार रात कर्जदार को नंगा कर बेरहमी से पीटा। इस घटना से आहत होकर युवक ने रविवार सुबह नवादा में ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली।
घटना से गुस्साए लोगों ने रोह में अंबेडकर चौक को जाम कर आवागमन बाधित कर दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे रोह थानाध्यक्ष डॉ. नरेंद्र प्रसाद ने लोगों को समझा कर जाम खत्म कराया। उन्होनें कहा कि घटनास्थल नवादा जीआरपी के अंतर्गत है। जीआरपी द्वारा प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इसके बाद स्थानीय पुलिस आवश्यकता अनुसार आगे की कार्रवाई करेगी।
20 फीसदी महीने के हिसाब से ब्याज जोड़ता था सूदखोर
मृतक की पत्नी सलमा खातून ने बताया कि 37 वर्षीय जसीम नगारी उर्फ गुड्डू पिता हासिम नगारी मवेशी खरीद बिक्री का काम करता था। उसने गांव में ही रहने वाले सलीम नगारी से 70 हजार रुपये कर्ज लिया था। जिसमें कुछ रुपए जसीम ने सलीम को लौटा दिए थे। सूदखोर उससे अब भी करीब दो लाख रुपये की मांग रहा था। वह दिए गए कर्ज पर मासिक 20 फीसदी की दर से ब्याज जोड़ता जा रहा था। फिलहाल आर्थिक तंगी झेल रहे जसीम ने तत्काल रुपए लौटाने में असमर्थता जता रहा था। मगर सूदखोर सलीम उसे आए दिन गाली-गलौज कर प्रताड़ित करता था।
परिजन का कहना है कि सूदखोर द्वारा जसीम को रुपए के लिए डराया-धमकाया जाता था। आए दिन प्रताड़ित करता रहता था। शनिवार की रात उत्पीड़न की सारी हद तोड़ते हुए सूदखोर सलीम नगारी, उसके बेटे दानिश, औरंगजेब और दामाद ग्यास नगारी ने मिलकर जसीम को नंगा कर बेरहमी से पीटा। परिजनों का आरोप है कि उनलोगों ने जसीम के गुप्तांग में बोतल घुसा दी। इतने वीभत्स तरीके से पिटाई किए जाने से जसीम के दिल को काफी चोट पहुंची। नतीजा वह रोह से नवादा चला गया और ट्रेन से कटकर जान दे दी। नवादा जीआरपी ने जसीम के दो टुकड़े में कटे शव को पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया।