Kosilive Bihar News:
बिहार में अपराधी इस कदर बेखौफ हो गए हैं, कि पुलिस पर भी हमला करने से भी नहीं चूक रहे हैं। खगड़िया के गोगरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर पश्चिम टोला में मो. कयूम के घर पर आरोपी को गिरफ्तार करने गई पुलिस पर आरोपी के समर्थकों ने पथराव कर दिया। जिसमें चार दारोगा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना शनिवार की सुबह एक बजे की है।
छत से पुलिस टीम पर पथराव
जानकारी के मुताबिक गोगरी एसडीपीओ मनोज कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रामपुर पश्चिम टोला में मो. कयूम के घर आरोपी की गिरफ्तारी करने जैसे ही पहुंचे तभी उसके समर्थक छत से पथराव करने लगे। पथराव में चार दारोगा घायल हो गए। वही कई अन्य पुलिसकर्मियों को चोटें आईं है। घायल दारोगा दीपक कुमार, राजीव कुमार, लालबिहारी यादव और मनीष कुमार का गोगरी रेफरल अस्पताल में इलाज किया गया है।
हमले में 4 दारोगा हुए घायल
बताया गया कि मो. कयूम के परिजनों के खिलाफ गोगरी थाना में कई एफआईआर दर्ज है। जिसमे कई आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। आरोपी पक्ष के लोगों ने पथराव के साथ-साथ लाठी-डंडों से पुलिसकर्मियों पर हमला बोल दिया। जिसमें आरोपी पक्ष के मो. कयूम भी जख्मी हो गया। वहीं इस मामले में थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया गया है। अन्य चार दर्जन लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। लेकिन जिस तरह आए दिन पुलिस टीम पर हमले हो रहे हैं, वो कानून व्यवस्था पर सवालिया निशान है।