Kosilive Bihar News:
खगड़िया में लाइन होटल से खाना खाकर निकलते ही एनएच-31 पर एक अनियंत्रित ट्रक ने दो दोस्त को कुचल दिया। घटना में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इधर, इस हादसे के बाद से दोनों मृतक के परिजनों के बीच मातम पसरा हुआ है। हादसा रविवार देर रात जिले के महेशखूंट थाना क्षेत्र स्थित बन्नी गांव, चंडी टोला के पास एनएच-31 पर करीब 11 बजे हुआ है।
मृतकों की पहचान महेशखूंट थाना क्षेत्र स्थित बन्नी पंचायत के धर्मपुर बन्नी गांव निवासी 38 वर्षीय भूषण कुमार सिंह और जागो नगर बन्नी गांव निवासी 35 वर्षीय सुजय कुमार सिंह के रूप में हुई है। देर रात हादसा होने के कारण परिजनों को काफी देर से घटना की जानकारी मिली, जबकि ट्रक चालक हादसे को अंजाम देकर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
देर रात ही स्थानीय पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। बताया जाता है कि मृतक सुजय कुमार और भूषण कुमार सिंह दोनों दोस्त थे। घर जाने में लेट होने के कारण चंडी टोला के पास संचालित एक लाइन होटल में दोनों खाना खाने लगे।
होटल से खाना खाकर निकलते ही एनएच-31 पर सड़क क्रॉस करते वक्त एक अनियंत्रित ट्रक मौत बनकर आई और दोनों को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। इस घटनाक्रम में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। होटल के कर्मियों ने ही घटना की जानकारी पुलिस को दी। महेशखूंट के थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि देर रात हादसा हुआ था। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।