सहरसा के जवाहर विकास भवन के सभागार में मंगलवार 27 जून को जिलाधिकारी वैभव कुमार ने मेयर, उप मेयर,और सभी 46 वार्ड के पार्षदों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सबसे पहले जिलाधिकारी वैभव चौधरी ने मेयर बेनप्रिया को गोपनीयता की शपथ दिलाई। उसके बाद उप मेयर गुड्डू हयात को गोपनीयता की शपथ दिलाई। फिर 46 वार्ड पार्षदों को भी गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण कराने के बाद जिलाधिकारी वैभव चौधरी ने मीडिया से कहा कि 27 जून 2023 को नगर निगम सहरसा के सभी निर्वाचित मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और सभी 46 वार्ड पार्षद को विकास भवन के सभागार में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। सभी लोगों का हस्ताक्षर मिलान कराया जा रहा है। विधि व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है। हम उम्मीद करेंगे कि जिले के विकास के लिए नया नगर निगम के मुख्य पार्षद महोदया, उप मुख्य पार्षद और सभी वार्ड पार्षद अच्छा कार्य करेंगे।
मुख्य पार्षद बेनप्रिया ने कहा कि सबसे पहले प्रशासन को साथ लेकर चलेंगे। मॉनसून गिर गया है। सबसे पहले जल जमाव की जो समस्या है, उसको दूर करने का प्रयास करूंगी। ताकि लोगों को दिक्कत नहीं हो। जनता से सहयोग करने की अपील करूंगी। जाम की भी समस्या पर काम किया जाएगा।
उप मेयर गुड्डू हयात ने कहा कि सहरसा में जल जमाव की समस्या है, उस पर काम करेंगे। मेयर महोदया से इस पर बातचीत हुई है। हम लोग सबसे पहले जलजमाव की समस्या को दूर करने का प्रयास करेंगे।