Kosilive Bihar News:
बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव अपने परिवार के साथ विदेश घूमने जा रहे हैं। वे अरब और एशियाई देशों की यात्रा करेंगे। उनके साथ पत्नी राजश्री यादव और कात्यायनी भी विदेश जाने वाली हैं। सूत्रों के मुताबिक तेजस्वी यादव एक-दो दिन में दिल्ली से रवाना हो सकते हैं। इससे पहले वे शनिवार को ही दिल्ली पहुंच गए। वे दिनभर में राष्ट्रीय राजधानी में वीजा और अन्य कागजात बनाने में व्यस्त रहे। हाल ही में तेजस्वी ने अपनी बेटी कात्यायनी का पटना में पासपोर्ट बनवाया था।
आरजेडी के सूत्रों के मुताबिक तेजस्वी यादव, अपनी पत्नी और बेटी को विदेश घुमाने ले जाने वाले हैं। वे अपने परिवार के साथ अभी दिल्ली में हैं। जल्द ही वे मलेशिया और इंडोनेशिया समेत अन्य देशों की यात्रा के लिए उड़ान भरेंगे। बेटी कात्यायनी के जन्म के बाद तेजस्वी का अपनी पत्नी के साथ पहला विदेश दौरा होगा। बताया जा रहा है कि डिप्टी सीएम राजनीतिक सक्रियता से थोड़ा समय निकालकर अपने परिवार के साथ पल बिताना चाहते हैं। इसलिए वे विभिन्न देशों में घूमने जा रहे हैं। इससे पहले तेजस्वी यादव अपने पिता लालू प्रसाद के स्वास्थ्य की जानकारी लेने सिंगापुर अकेले गए थे।
पटना में बेटी के पासपोर्ट के लिए तेजस्वी गए थे दफ्तर
तेजस्वी यादव ने इसी महीने अपनी बेटी कात्यायनी का पासपोर्ट बनवाया है। कुछ दिन पहले वे पटना में पासपोर्ट कार्यालय में नजर आए थे। उन्होंने बेटी का जन्म प्रमाण पत्र भी हाल ही में बनवाया है। कात्यायनी का पासपोर्ट तैयार होने के बाद उन्होंने वीजा के लिए अप्लाई किया।