Kosi Live-कोशी लाइव Bihar:10 एटीएम के साथ साइबर ठग गिरफ्तार:बगैर गार्ड के संचालित एटीएम होता था निशाने पर, अपना नंबर लिखकर लोगों को बनाते थे शिकार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, June 23, 2023

Bihar:10 एटीएम के साथ साइबर ठग गिरफ्तार:बगैर गार्ड के संचालित एटीएम होता था निशाने पर, अपना नंबर लिखकर लोगों को बनाते थे शिकार

कोशी लाइव/पूर्णियां
पूर्णिया के के.हाट थाना क्षेत्र से एटीएम कार्ड में फेरबदल कर अवैध निकासी करने वाले शातिर साइबर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के हत्थे चढ़े शातिर साइबर ठग के पास से विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम बरामद किए गए हैं। शातिर साइबर ठगों का टारगेट ऐसा एटीएम होता, जिसमें गार्ड नहीं होते। शातिर ठग पहले एटीएम से छेडछाड़ करते। इसके बाद एटीएम में गार्ड के नाम की जगह अपना नंबर लिख देते।

ऐसे में एटीएम यूजर जैसे ही इस नंबर पर कॉल करता। शातिर साइबर ठग बड़ी ही चालाकी से एटीएम की हेराफेरी कर लेते। गिरफ्तार साइबर ठग की पहचान नवादा जिला के न्यू एरिया वार्ड 7 निवासी पंकज सिंह के बेटे सौरभ कुमार उर्फ दीपक कुमार के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस ने शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना के संबंध में के. हाट थानाध्यक्ष ने बताया कि गस्ती के क्रम में सूचना मिली कि के. हाट थाना क्षेत्र के थाना चौक पर थाना के ठीक समेत अवस्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में घुसकर एक युवक एटीएम के साथ छेड़छाड़ कर रहा है। जिसके बाद सदर एसडीपीओ पुष्कर कुमार के नेतृत्व में के.हाट थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने अन्य पुलिस बल के सहयोग से एटीएम की घेराबंदी करते हुए एटीएम में घुसे साइबर ठग को हिरासत में लेकर तलाशी ली।
शातिर साइबर ठग के पास से बरामद 10 एटीएम

तलाशी के क्रम में साइबर ठग के पास से विभिन्न बैंकों के 10 एटीएम बरामद किया गया। साथ ही एक मोबाइल बरामद किया गया। सख्ती से पूछताछ में साइबर ठग ने बताया कि उन लोगों का 4-5 लोगों का एक संगठित गिरोह है।

पुलिस की गिरफ्त में आए साइबर ठग के द्वारा बताया गया कि वह लोग एटीएम का हेराफेरी कर अवैध रूप से पैसे की निकासी करते हैं। इनका टारगेट वैसे एटीएम होता है। जहां गार्ड नहीं है। ऐसे एटीएम की छेड़छाड़ करते हुए एटीएम डालने वाले जगह को खाली कर देते हैं।

इसके बाद जैसे ही कोई एटीएम यूजर अपना एटीएम डालता है। एटीएम दूसरे साइड में नीचे गिर जाता है। एटीएम कक्ष में अपना एक मोबाइल नंबर गार्ड के नाम से चिपका देते हैं। ऐसे में पैसा निकासी करने वाले व्यक्ति का एटीएम कार्ड जैसे ही दूसरे साइड में गिर जाता। मदद के नाम पर शातिर साइबर ठगों द्वारा चिपकाए गए नंबर पर एटीएम यूजर कॉल करते। इसके बाद पैसा निकासी करने आए व्यक्ति को झांसे में लेकर शातिर साइबर ठग एटीएम पिन पूछ लेते। इसके बाद मौका पाकर एटीएम की हेराफेरी कर लेते। इसके बाद शातिर साइबर ठग हेराफेरी किए गए एटीएम से अवैध रूप से पैसे की निकासी करते।

लोगों से अपील करते हुए थानाध्यक्ष ने कहा कि एटीएम कक्ष में चिपकाए किसी भी नंबर पर कॉल ना करें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित बैंक के शाखा में ही जाकर अपनी शिकायत दर्ज करें।