जमुई में ससुराल में एक महिला का संदिग्ध हालत में शव मिला है। लड़की की मां का कहना है कि उसका ससुर उसके साथ संबंध बनाना चाहता था। बेटी ने मना किया तो उसकी हत्या कर दी।
मामला खैरा थाना इलाके के कोदबरिया गांव का है। मृतका कोदबरिया गांव के ज्योतिष कुमार की 19 वर्षीय पत्नी पूनम देवी थी। वह बांका के बेलहर थाना इलाके की रहने वाली थी।
बीते साल 24 अप्रैल 2022 को शादी हुई थी। शादी के 5 महीने बाद ही पति और ससुर उसके साथ मारपीट करने लगे थे।
गुरुवार को बेटी के ससुराल गई थी मां
मृतका पूनम देवी की मां आरती देवी ने बताया कि गुरुवार को वह बेटी के ससुराल गई थी। वहां ससुर शंकर दास, दामाद ज्योतिष कुमार, देवर केदार कुमार, सास मीना देवी और ननद काजल कुमारी ने मेरी बेटी पूनम से मारपीट करनी शुरू कर दी। मैं जब बचाने गई तो मुझे भी मारा।
इसके बाद वह भाग कर घर पहुंची और लोगों को पूरी जानकारी दी। आज शुक्रवार को ससुराल वालों को समझाने के लिए उसके गांव के लोग जाने वाले थे। लेकिन गुरुवार रात में ही जानकारी मिली कि बेटी की हत्या कर दी गई है। शव घर में है और सभी लोग फरार हैं।
पूनम के परिवार ने सबसे पहले इसकी सूचना पुलिस को दी। फिर खुद भी सभी लोग खैरा पहुंचे। इधर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूनम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
सभी आरोपी फरार, पुलिस कर रही जांच
इस मामले में खैरा थानाध्यक्ष सिद्धेश्वर पासवान ने कहा कि घटना की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों के द्वारा अभी तक आवेदन नहीं दिया गया है। उनके आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जाएगी। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। फिलहाल सभी फरार हैं।