Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS DESK:हीट स्ट्रोक से दारोगा की मौत, दो दिनों से खराब थी तबीयत - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, June 19, 2023

BIHAR NEWS DESK:हीट स्ट्रोक से दारोगा की मौत, दो दिनों से खराब थी तबीयत

Kosilive Bihar News
सीवान: बिहार में हीट वेव से लगातार मौत की खबरें आ रही हैं. रविवार (18 जून) की रात सीवान में हीट स्ट्रोक से एक पीटीसी दारोगा की मौत हो गई. दो दिनों से उसकी तबीयत खराब थी. निजी अस्पताल में इलाज के क्रम में पीटीसी दारोगा की मौत हुई है. दारोगा कलामुद्दीन खान हुसैनगंज थाने में तैनात था. वह रोहतास जिले का रहने वाला था. हुसैनगंज थाने में पीटीसी दारोगा के पद पर सेवा दे रहा था. सहयोगी इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में लेकर गए थे. मौत के बाद शव को सदर अस्पताल लाया गया.

सदर अस्पताल के डॉक्टर ने की पुष्टि

सीवान सदर अस्पताल के डॉक्टर अनूप दुबे ने बताया कि कलामुद्दीन खान को जब निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था तो 108.0 F था. यह पूर्जा पर लिखा था. उनकी हीट स्ट्रोक से मौत हुई है. सीवान में रविवार को करीब 20-25 मरीज ऐसे आए जिनको हीट स्ट्रोक का खतरा था. उनके शरीर का तापमान 104.0 F से ज्यादा था. 

हुसैनगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि कलामुद्दीन खान की शनिवार से ही तबीयत खराब थी. बाजार से उन्होंने दवा खरीदकर खाई थी. रविवार को सुबह से ही तबीयत खराब होने के कारण वे अपने रूम में थे. दिन भर कमरे से बाहर नहीं आए. रात में करीब 10 बजे कुक खाना लेकर उनके कमरे में पहुंचा तो वो बेसुध पड़े थे. कुक ने उनका पैर पकड़कर हिलाया तो पता चला कि पैर बहुत गर्म है. इसके बाद इलाज के लिए भर्ती कराया गया था.

दारोगा के परिजनों को दी गई सूचना

घटना के बाद फिलहाल पुलिस विभाग के द्वारा इसकी जानकारी पीटीसी दारोगा के परिजनों को दे दी गई है. रोहतास जिले से परिजनों के आने के बाद आगे की प्रक्रिया पुलिस विभाग के द्वारा की जाएगी. दारोगा की मौत के बाद सहयोगी भी शोक में डूबे हैं.