Kosilive Bihar News
अररिया एडीएम कार्यालय में पदस्थापित क्लर्क की सोमवार को संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। युवक के हाथ पर इंजेक्शन लगाने के निशान मिले हैं। शरीर काला पड़ चुका था। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची अररिया नगर थाना की पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। मृतक की पहचान दिनेश चौधरी के 30 वर्षीय पुत्र शिव शंकर चौधरी के रूप में हुई है।युवक एडीएम कार्यालय में क्लर्क के पद पर कार्यरत था।
बताया जाता है कि युवक अपनी मां, बहन और पूरे परिवार के साथ नगर थाना क्षेत्र के गर्ल्स स्कूल के सामने किराए के मकान में रहता था। डेढ़ साल पहले उसने शिवपुरी में अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। उसे सात महीने का एक बेटा भी है। अररिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने से पहले शिव शंकर चौधरी को एक युवती ने फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां उसका इलाज भी चला था।
वहीं, स्थिति नाजुक होने के बाद उसे अररिया भेजा गया। कहा जा रहा कि जिस युवती ने फारबिसगंज अनुमंडल अस्पताल में शिव शंकर को भर्ती कराया वही उसे अररिया लेकर आई थी। परिजनों के आने के बाद वह युवती गायब हो गई।
मृतक युवक शिव शंकर चौधरी सोमवार की सुबह ऑफिस के लिए घर से निकला था। ऑफिस में उपस्थिति दर्ज करने के बाद वह निकल गया। इसके बाद वह कहां गया यह किसी को पता नहीं चल पाया। इधर नगर थाना अध्यक्ष शिव शरण साह ने बताया कि मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। युवक के परिजनों के बयान के बाद कार्रवाई की जाएगी।