Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL NEWS/3 अपराधी को किया गया गिरफ्तार: लूट की दो घटना को अंजाम देने के मामले में हुई गिरफ्तारी, एक आरोपी पर हत्या का भी केस - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, May 8, 2023

SUPAUL NEWS/3 अपराधी को किया गया गिरफ्तार: लूट की दो घटना को अंजाम देने के मामले में हुई गिरफ्तारी, एक आरोपी पर हत्या का भी केस

Kosilive Supaul News/

सुपौल जिले में 7 अप्रैल को ललितग्राम ओपी थानाक्षेत्र अंतर्गत मिरचैया पुल के समीप एवं भीमपुर थाना के सुरसर नदी के समीप हुई लूट की घटना में पुलिस ने 03 अपराधियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अपराधियों के पास से देशी कट्‌टा एक जिंदा कारतूस सहित लूट की राशि,लैपटॉप मोबाईल पर्स बरामद किया है। इस मामले की जानकारी एसपी शैशव यादव ने रविवार को प्रेसवार्ता आयोजित कर दी।

उन्होंने बताया कि बीते 07 अप्रैल को 09:45 बजे ललितग्राम ओपी क्षेत्र अंतर्गत मिरचैया पुल के समीप बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधकर्मी द्वारा बाइक से अपने घर जा रहे एक युवक से हथियार के बल पर 27500 रूपये छीन लिया गया था। उसी दिन समय रात 08 बजे के करीब भीमपुर थाना क्षेत्र में सुरसर नदी के समीप एनएच-57 पर एक बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा एक और लूट की घटना को अंजाम दिया गया। जिसमें अपराधियों द्वारा एक युवक से लैपटॉप,पर्स छिन लिया गया। छीनतई की दोनों घटनाओं की गंभीरता से लेकर उक्त दोनों घटनाओं के उद्भेदन हेतु त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विपीन कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर घटना में संलिप्त अपराधकर्मियों की त्वरित गिरफ्तारी हेतु निदेशित किया गया।

टीम की ओर से अग्रेतर कार्रवाई करते हुए सर्वप्रथम घटना के मास्टर माइंड प्रतापगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर वार्ड 02 निवासी रिषभ झा को गिरफ्तार किया। साथ ही घटना में संलिप्त प्रतापगंज थाना क्षेत्र के इटहरी वार्ड 02 विजय कुमार मंडल एवं गंगसायर वार्ड 14 निवासी उज्जवल यादव को गिरफ्तार किया। अपराधियों के पास से पुलिस ने एक पिस्टल, एक कारतूस, लूट की राशि में से 24500 रूपए लूट का एक लैपटॉप,एक मोबाइल एवं घटना में प्रयुक्त एक अपाची बाइक भी बरामद की।

पूछताछ के दौरान तीनों अपराधकर्मी ने उक्त दोनों घटना में अपनी संलिप्ता स्वीकार की है।एसपी ने बताया कि गिरफ्तार उज्जवल यादव पर प्रतापगंज थाना में हत्या का मामला दर्ज है,एवं रिषभ झा पर राघोपुर थाना में मद्य निषेध के तहत मामला दर्ज है।

छापेमारी दल में त्रिवेणीगंज अंचल पुलिस निरीक्षक सत्यनारायण राय, भीमपुर थानाध्यक्ष अमरनाथ कुमार, राघोपुर थानाध्यक्ष रजनीश कुमार केसरी, प्रतापगंज थानाध्यक्ष अभिषेक अंजन, ललितग्राम ओपी अध्यक्ष अमित कुमार सहित डीआईयू सेल एवं सशस्त्र बल शामिल थे।