Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL NEWS/स्कूल में मिड डे मील खाने से 50 बच्चे बीमार: छात्र की थाली में थी मरी हुई छिपकली, बाहर लोगों ने किया जमकर हंगामा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, May 29, 2023

SUPAUL NEWS/स्कूल में मिड डे मील खाने से 50 बच्चे बीमार: छात्र की थाली में थी मरी हुई छिपकली, बाहर लोगों ने किया जमकर हंगामा

सुपौल में स्कूल के बाहर लोगों का हंगामा।
जिले के छातापुर प्रखंड क्षेत्र के ठुठी पंचायत स्थित मध्य विद्यालय में मिड डे मील का भोजन खाने से 50 स्कूली छात्र-छात्राएं बीमार हो गए। स्कूली बच्चों ने बताया कि सब्जी में छिपकली गिरी हुई थी। खाना खाने के बाद अचानक उनकी तबीयत खराब होने लगी। बच्चों को नजदीकी नरपतगंज स्वास्थ्य केंद्र में एडमिट कराया गया है। चार बच्चों की स्थिति नाजुक बताई गई है।

सोमवार को रोज की तरह भोजन बच्चों को परोसा गया। भोजन खाने के बाद चौथी क्लास की तमन्ना ने बताया कि उसकी थाली में मरी हुई छिपकली मिली। छिपकली मिलने के बाद स्कूल में हंगामा शुरू हो गया। बच्चे थाली छोड़कर उठ गए और धीरे-धीरे उनकी तबीयत खराब होने लगी। खबर गांव में फैली तो ग्रामीणों ने स्कूल पर पहुंचकर शोर-शराबा किया फिर अपने बच्चों को आनन-फानन में अस्पताल के लिए निकल पड़े।
 
करीब 50 बच्चों की भोजन खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई है। सभी बच्चों को अररिया के नरपतगंज स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। चिकित्सक ने चार बच्चों की स्थिति गंभीर बताई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।