Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS: दामाद ने सास को मारी दो गोली, मौत: पत्नी की विदाई नहीं होने से था नाराज; 5 साल पहले अपनी मां की हत्या की थी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, May 29, 2023

BIHAR NEWS: दामाद ने सास को मारी दो गोली, मौत: पत्नी की विदाई नहीं होने से था नाराज; 5 साल पहले अपनी मां की हत्या की थी

मोतिहारी में पत्नी की विदाई नहीं होने से नाराज दामाद ने अपनी सास की गोली मारकर हत्या कर दी। दामाद ने रविवार को घर के बाहर खड़ी सास को दो गोली मारी। गोली सीने और कंधे में लगी जिससे उनकी मौत हो गई। घटना कुंडवा चैनपुर थाना इलाके की है।

बता दें कि आरोपी छोटन अपनी मां की हत्या के आरोप में भी बीते पांच साल से फरार है। बार-बार ससुरालवालों को पत्नी की विदाई की धमकी दे रहा था। मृतक महिला का नाम गायत्री है।

पटाखे जैसी आवाज आई- पत्नी

छोटन की पत्नी राखी ने बताया कि वो घर के पास स्थित खेत में मां के साथ मूंग तोड़ने गई थी। मां बोली कि तुम काम करो, मैं आगे जा रही हूं। मां खेत पार करके घर के पास खड़ी थी। इसी दौरान पटाखे जैसी आवाज आई। मैं वहां पहुंची तो देखा कि वो मेरी मां को मारकर भाग रहा था।
उधर, मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया कि गायत्री का दामाद छोटन अपनी पत्नी की विदाई कराने आया था। इसी बात को लेकर उसकी सास से नोकझोंक हुई। छोटन को गुस्सा आया, उसने गायत्री को गोली मारी और फरार हो गया। घायल सास को ढाका रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पांच साल पहले की थी मां की हत्या

आरोपी दामाद छोटन ​​​​दरभंगा के टाउन थाना के रतनोपट्टी का रहने वाला है। 29 मार्च 2018 को युवक ने अपनी मां मालती देवी की हत्या कर दी थी। टंकी में शव फेंक कर फरार हो गया था। 30 मार्च को महिला की लाश मिली थी।

लड़के की बहन ने इस मामले में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोपी तब से ही फरार है। हत्या के बाद से पत्नी राखी अपने दोनों बच्चों के साथ मायके में रह रही थी। वह बार-बार ससुराल में जाकर पत्नी की विदाई की धमकी देता रहता था।

एक साल पहले भी 8 जून 2022 को सीढ़ी लगाकर ससुराल में घुसा था। पत्नी और सास से झगड़ा हुआ और दोनों पर चाकू से हमला कर दिया था। इस मामले में कुंडवा चैनपुर थाना में भी प्राथमिकी दर्ज है। वहीं, उसने अपनी बहन के साथ मारपीट की थी, जिसका मामला उसने दर्ज कराया था।

8 साल पहले हुई थी शादी

मृतक महिला गायत्री और राजकिशोर की दूसरी बेटी राखी की शादी साल 2015 में दरभंगा के टाउन थाना के रतनोपट्टी गांव निवासी स्व. नारायण साह के 30 साल के बेटे श्याम उर्फ छोटन से हुई थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे भी हुए।

छोटन ने साल 2016 के आसपास बरगुनिया में जमीन खरीद कर अपना घर भी बनाया। टेंपो चलाकर अच्छा पैसा कमा रहा था, लेकिन इसी बीच उसकी कुछ गलत लोगों से संगत हो गई। घर में पैसे को लेकर विवाद हुआ तो 29 मार्च 2018 को अपनी मां की हत्या कर फरार हो गया था।

उधर, आरोपी के ससुर राजकिशोर साह ने करीब एक साल पहले दरभंगा जाकर एसपी से मुलाकात की थी। मां की हत्या मामले में जानकारी ली थी। उन्होंने बताया था कि दामाद उनसे चार लाख की रंगदारी की मांग कर रहा है। ससुर राजकिशोर ने कुंडवा चैनपुर थाना से लेकर दरभंगा एसपी से सुरक्षा की गुहार लगाई थी।

इधर, मामले में कुंडवा चैनपुर थानाध्यक्ष रमन कुमार मौके पर पहुंचे थे। परिजनों से पूछताछ कर रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

एसपी कांतेश मिश्रा ने कहा कि घटना रविवार शाम की है। आरोपी दरभंगा का रहने वाला है। जांच में बात सामने आई है कि छोटन अपनी मां की हत्या में फरार चल रहा है। दरभंगा की पुलिस से संपर्क में है। आरोपी को पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है। जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।