KOSILIVE SAHARSA NEWS/ गंगजला रेल फाटक पर लाइट आरओबी निर्माण को लेकर निकला टेंडर,
एक साल में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य।
आगामी 25 मई तक होगी टेंडर डालने की प्रक्रिया, हल्के वाहनों को परिचालन में होगी सहूलियत।
बीते कई दशकों से बंगाली बाजार रेलवे ढाला पर आरओबी निर्माण की आस लगाए बैठे लोगों का सपना कब साकार होगा यह तो आने वाला वक्त बताएगा। फिलहाल रेल ने ट्रेन परिचालन को सुगम बनाने के लिए गंगजला रेलवे फाटक पर यू आकार का लाइट आरओबी बनाने की प्रक्रिया शुरू करने वाली है। इससे लोगों को दो पहिया, तीन पहिया वाहनों के अलावा साइकिल सवार और पैदल चलने वाले लोगों को फायदा होगा। फाटक बंद रहने की स्थिति में भी सड़क आवागमन बाधित नहीं होगा। इससे रेल फाटक बार-बार बंद होने के कारण उत्पन्न होने वाली स्थितियों से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। लगभग साढ़े 4 करोड़ की लागत से तैयार होने वाले लाईट आरओबी के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गयी। हालांकि गुरुवार को किसी भी कंपनी ने लाइट आरओबी के लिए टेंडर नहीं डाला है। वहीं आगामी 25 मई तक टेंडर डालने की प्रक्रिया चलेगी। उम्मीद है कि कुछ नामी कंपनी लाइट आरओबी बनाने के लिए अपनी दिलचस्पी दिखाएंगे । 25 मई को टेंडर रिओपन होगा। उसके बाद निर्माण के लिए एजेंसी की नियुक्ति होगी। जिसके बाद गंगजला रेलवे ढाला संख्या सी-32 पर लाइट आरओबी का निर्माण प्रारंभ हो सकेगा।
नहीं बंद होगा गंगजला रेलवे ढाला
फिलहाल लाइट आरओबी निर्माण के बावजूद गंगजला रेलवे ढाला को बंद नहीं किया जाएगा। क्योंकि बंगाली बाजार रेलवे ढाला पर आरओबी निर्माण की प्रक्रिया अभी अधर में लटकी हुई है। ऐसे में गंगजला रेलवे ढाला को बंद करने की कोई प्रक्रिया नहीं होगी। हालांकि बंगाली बाजार रेलवे ढाला पर आरओबी निर्माण के बाद गंगजला रेलवे ढाला और बंगाली बाजार रेलवे ढाला दोनों ही रेलवे ढाला को बाद में स्थाई रूप से बंद कर दिया जाएगा।
एंड टू एंड प्रक्रिया
लाइट आरओबी का निर्माण एंड टू एंड प्रक्रिया के तहत यू आकार के शक्ल में बनेगा। हालांकि लाइट आरओबी की चौड़ाई मात्र 4 मीटर रखी गई है। ऐसे में लाइट आरओबी से दोपहिया और तीन पहिया गाड़ी ही पूरब से पश्चिम और पश्चिम से पूरब दिशा की ओर आ-जा पाएंगे।
4.5 करोड़ की लागत
गंगजला रेलवे ढाला पर बनने वाले लाइट आरओबी की लागत लगभग साढ़े 4 करोड़ आने वाली है। जिसमें 130 मीटर की लंबाई में आरओबी का निर्माण होगा। जिसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
टेंडर की प्रक्रिया हो गई शुरू
गंगजला रेलवे ढाला संख्या सी-32 पर लाइट आरओबी के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। एक साल में बनकर तैयार होगा।
आलोक अग्रवाल, डीआरएम