नगर निगम चुनाव का इंतजार खत्म:नौ जून को डाले जाएंगे वोट 11 को मिलेंगे शहरी जनसेवक
सहरसा।
राज्य सरकार ने सहरसा सहित राज्य के बांकी 31 नगर निकाय चुनाव की तिथि घोषित
मेयर, डिप्टीमेयर सहित सभी वार्डों के पार्षद पद के लिए होगा चुनाव
बीते एक साल से बहुप्रतीक्षित नगर निगम के मेयर, उप मेयर और विभिन्न वार्ड पार्षदों के चुनाव को हरी झंडी मिल गई है। राज्य सरकार ने सहरसा समेत राज्य के बाकी बचे 31 नगर नगरपालिका सहित नगर निगम में बाधित चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। आगामी 9 जून को नगर निगम का चुनाव संपन्न होगा। जबकि मतों की गिनती 11 जून को होगी। इधर चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी होते ही संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र में 11 जून तक के लिए चुनाव आचार संहिता लागू हो गया है। 9 मई से प्रारंभ होने वाले नामांकन से लेकर मतदान तक करीब एक महीने का समय चुनाव प्रक्रिया पूरी होने में लगेगा। निगम चुनाव को लेकर बीते एक साल से संभावित प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुटे थे। खासकर मेयर और उप मेयर पद के लिए यहां पहले से प्रत्याशियों की भीड़ खड़ी है। जीत के लिए मेहनत कर रहे मेयर , उप मेयर और विभिन्न वार्डों के प्रत्याशियों में फिर से चहलकदमी बढ़ गयी है । चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही सुस्त पड़े सभी उम्मीदवार एड़ी-चोटी की जोर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर देंगे। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव मुकेश कुमार सिन्हा द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि कैमूर, जहानाबाद, अरवल, मधेपुरा, कटिहार, शेखपुरा एवं बेगूसराय जिले को छोड़कर राज्य के सभी बांकी बचे नगर निगम और नगर पालिका के आम और उपचुनाव संपन्न किया जाना है। जिसके लिए आगामी 9 जून को चुनाव संपन्न होगा।
मतों की गिनती जिला मुख्यालय में ही 11 जून को होगी।
जिला मुख्यालय में ही होगी मतगणना
वही नगर निगम और नगरपालिका आम चुनाव 2022 की भांति संबंधित निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा मतगणना जिला मुख्यालय में संपन्न किया जाएगा। नगर निगम और नगरपालिका आम और उपचुनाव संपन्न कराने के लिए राज्य सरकार से अधिसूचना निर्गत होते ही संबंधित नगर निगम और नगर पालिका निर्वाचन क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
बढ़ी सरगर्मी
नगर पालिका से नगर निगम बने सहरसा निगम का चुनाव इसबार काफी दिलचस्प होगा। क्षेत्र बड़ा होने के कारण वोट के गणित और समीकरण में भी बदलाव आऐगा। निगम चुनाव में विभिन्न राष्ट्रीय और क्षेत्रीय पार्टियों की समर्थन वाली क्या भूमिका होती है इस पर सबकी नजर रहेगी। सहरसा शहर के विकास का सपना देखने वाले लोगों के लिए इसबार का चुनाव भी काफी रोचक होगा। विकास के मुद्दा पर लड़े जाने वाले इस चुनाव में कई राजनीतिक समीकरण बनेंगे और बिगड़ेंगे।
आचार संहिता लागू
9 जून को चुनाव संपन्न होंगे। सरकार द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। आदर्श आचार संहिता लागू हो गया है।
नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी आदित्य कुमार