Kosilive Supaul News/बिहार के सुपौल में दूल्हे के छोटे भाई ने फरमाइशी गाने पर डांस नहीं करने पर डांसर की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि दूल्हे के छोटे भाई ने भोजपुरी गाने पर डांस करने को कहा लेकिन डांसर ने जब मना किया तो दूल्हे के भाई ने अवैध हथियार से डांसर को गोली मार दी।
घटना को मरौना थाना इलाके के कुआ टोल के पास बुधवार की देर रात अंजाम दिया गया। मृतक की पहचान तेतरियाही गांव के रहने वाले सुभाष यादव(30) के रूप में हुई है। जबकि आरोपी की पहचान विपिन कुमार(20) के रूप में हुई है। यही नहीं डांसर के साथ आरोपी का अवैध हथियार लहराते हुए वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि बारात मंगासिहौल गांव से दरभंगा जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित नगमा गांव जा रही थी। मृतक के परिजनों के कहना है कि 2 मई को मटकोर की रस्म के दिन भी विपिन और सुभाष के बीच बकझक हुई थी।
घटना के विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार को मरौना-निर्मली मेन रोड को घंटों जाम रखा और जमकर बवाल काटा। मृतक का शव सड़क पर रखकर आक्रोशित लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया। जाम की सूचना पर मरौना थाना की पुलिस ने पहुंचकर गुस्साए लोगों को समझाया।
क्या कहती है पुलिस
पुलिस का कहना है कि घटना के बाद से आरोपी की गिरफ्तार के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। दरभंगा तक रेड की गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।