Kosilive Bihar News:
परिवार ने लगाया अवैध वसूली और मारपीट का आरोप।
जिला के उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत बिहारीगंज थाना क्षेत्र के एक परिवार ने सहरसा के पस्तपार ओपी थाना की पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार का आरोप है कि रात में गश्ती में तैनात पुलिस वालों ने अवैध वसूली का प्रयास किया, जब उसका विरोध किया तो पुलिस वालों ने पूरे परिवार के साथ मारपीट की।
पीड़ित परिवार का कहना है कि वे लोग चारपहिया वाहन से देर रात सुपौल से डॉक्टर के पास से घर लौट रहे थे। इसी बीच जिरवा नहर पर पहले से खड़ी पस्तपार थाना की पुलिस ने गाड़ी रोककर तलाशी ली। जब कुछ नहीं मिला तो सीट बेल्ट नहीं बांधे जाने का बहाना बनाकर रुपए की मांग की गई।
उन लोगों ने चालान की मांग की तो पुलिस वाले आग बबूला हो गए और मारपीट शुरू कर दी। यहां तक कि महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। परिवार वालों ने इस घटना का कुछ वीडियो भी बना लिया। अब इसकी शिकायत इन लोगों ने सहरसा एसपी, मधेपुरा एसपी और डीआईजी से की है।