मधेपुरा के मुरलीगंज में सोमवार रात को दो घंटे के अंदर महज एक किमी की दूरी पर दो अलग-अलग हादसे में तीन की जान चली गई और दो युवक जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। दोनों घटना मुरलीगंज थाना क्षेत्र के परवा नवटोल की है। मृतकों की शिनाख्त परवा नवटोल पंचायत के विशनपुर निवासी कोकाय यादव के पुत्र सूरज कुमार (17 वर्ष) व अर्जुन यादव के पुत्र गौतम कुमार (14 वर्ष) और सिंहेश्वर नगर पंचायत वार्ड नंबर सात निवासी रामविलास पासी के पुत्र सागर कुमार (18वर्ष) के रुप में की गई। वहीं सिंहेश्वर नगर पंचायत वार्ड नंबर 7 निवासी राजो राम के पुत्र सागर कुमार (17वर्ष) का जन नायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। वहीं सिंहेश्वर के रामपट्टी निवासी स्व. श्याम पासी के पुत्र धीरज कुमार (18वर्ष) की गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना एम्स ले जाया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार रात 7 बजे पहली घटना एनएच 107 की कनेक्टिंग रोड पर विशनपुर के समीप हुई, जहां खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में बाइक सवार जा टकराया। इस दुर्घटना में बाइक सवार सूरज कुमार की मौत घटना स्थल पर ही हो गई, जबकि इलाज के लिए पटना ले जाने के दौरान गौतम कुमार ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी घटना एनएच 107 पर नवटोल चौक के समीप घटी। यहां नजदीकी रिश्तेदार के बारात जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को एक्सयूवी वाहन ने कुचल डाला। एक्सयूवी वाहन भी बारात ही जा रही थी। हादसे में बाइक सवार सागर ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मां को ननिहाल छोड़कर लौट रहा था गौतम
बताया गया कि मृतक गौतम कुमार अपने पड़ोसी सूरज कुमार के साथ उसी के बाइक से अपनी मां को कुमारखंड थाना क्षेत्र के रहटा पंचायत अंतर्गत चंडी स्थान स्थित ननिहाल छोड़ने गया था। वहां से लौटने के बाद दोनों घर नहीं जाकर किसी कार्य से चामगढ़ चौक चला गया। उसके बाद दोनों चामगढ़ से बरियाही के रास्ते वापस घर लौट रहा था। इसी क्रम में रेलवे ढाला के समीप वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रैक्टर की ट्रॉली से टकरा गया। ग्रामीणों ने बताया कि सूरज एक माह पूर्व नवटोल चौक पर ही मोबाइल रिपेयरिंग का दुकान खोला था। वहीं गौतम मां-बाप का इकलौता लड़का था। गौतम गांव में रहकर ही पढ़ाई कर रहा था। दोनों के अचानक हुए इस मौत से परिवार परिजन समेत पूरे गांव का माहौल गमगीन है।
सिंहेश्वर से रामपुर जा रहा था बारात,तभी हुआ हादसा
बताया गया कि सिंहेश्वर के शंभु पासी के पुत्र नीरज कुमार की शादी में मुरलीगंज के पास रामपुर बारात जा रहा था। पड़वा नवटोल के पास एनएच 107 पर बाइक सवार तीन युवकों को एक तेज रफ्तार एक्सयूवी कार ने कुचल दिया। जिसमें घटना स्थल पर ही सागर कुमार की मौत हो गई और दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए।
हेलमेट पहने रहते तो बच सकती थी जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एनएच 107 पर घटी दुर्घटना में बाइक चालक की जान बच सकती थी। अगर वह हेलमेट पहना होता सिर में गहरा जख्म नहीं होता। सिर में गहरा जख्म होने के कारण ही उसकी जान चली गई। जबकि हेलमेट बाइक के लेगार्ड में टंगा हुआ था। वहीं बाइक पर पीछे बैठे एक युवक को सिर में दूसरे को पैर में गंभीर चोटें आई है। वहीं, दूसरी घटना में बाइक सवार हेलमेट नहीं पहना हुआ था। जिस कारण ट्रैक्टर ट्रॉली में टकराने से दोनों युवकों के सिर में ही गंभीर चोटें लगी। इस वजह से दोनों की मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलने पर तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम बाद शव परिजनों को सौंप कर मामले की जांच की जा रही है। दुर्घटना की वजह बनी एक्सयूवी वाहन को जब्त कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
-राजकिशोर मंडल, थानाध्यक्ष, मुरलीगंज