Kosilive khagaria News:
गोगरी थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में गुरुवार को दो भाइयों के बीच शुरू हुआ मामूली झगड़ा रात होने तक खूनी खेल में तब्दील हो गया। देर रात बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की चाकू गोदकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद परिजनों के बीच चीख पुकार मच गई, जबकि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
इधर, हत्या की खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान रामपुर गांव के वार्ड संख्या 1 निवासी मोहम्मद तनवीर के 30 वर्षीय पुत्र मोहम्मद संजार के रूप में हुई है। हत्या का आरोप संजार से बड़े भाई 32 वर्षीय मोहम्मद अंजार पर लगा है।
मृतक मोहम्मद संजार और आरोपी मोहम्मद अंजार के बीच अपनी पुस्तैनी जमीन पर मक्का का ठठेरा रखने का विवाद था। सुबह दोनों भाई के बीच खूब झगड़ा हुआ था। बताया जाता है कि सुबह के झगड़े के दौरान पुलिस को भी जानकारी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे हल्के में ले लिया। इधर, सुबह के झगड़े के बाद खून का प्यासा बन चुके बड़े भाई ने मौका पाकर छोटे भाई के पेट में चाकू घोंप दिया।
गोगरी के थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि परिजनों द्वारा जानकारी दी गई कि दोनों भाई के बीच आपसी विवाद था। इसी में एक भाई ने दूसरे की हत्या कर दी। अभी परिजन की तरफ से आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। हत्या की जानकारी मिलने पर रेफरल अस्पताल पहुंचे। एसडीपीओ मनोज कुमार ने मृतक के परिजनों से बातचीत कर बयान को कलमबद्ध किया।