बिहार बोर्ड मैट्रिक कंपार्टमेंटल परीक्षा आज से शुरू, सेंटर पर जानें से पहले जान लें ये जरूरी बात।
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (Bihar School Examination Board) की ओर से मैट्रिक कंपार्टमेंटल-सहविशेष परीक्षा 2023 का आयोजन आज से शुरू होगा. परीक्षा 13 मई तक राज्य के 139 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जायेगी. इसमें 72,286 परीक्षार्थी शामिल होंगे. इसमें 43,708 छात्राएं एवं 28,578 छात्रों की संख्या होगी. परीक्षा दोनों पालियों में आयोजित होगी. इस वर्ष 4,005 परीक्षार्थी विशेष परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. ये परीक्षार्थी सभी विषयों की परीक्षा में शामिल होंगे. शेष 68,281 परीक्षार्थी कंपार्टमेंटल श्रेणी के रूप में भाग लेंगे. मैट्रिक कंपार्टमेंटल सह विशेष परीक्षा के लिए पटना जिले में कुल छह परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं, जहां 3,039 परीक्षार्थी (1,795 छात्राएं एवं 1,244 छात्र) शामिल होंगे.
आधे घंटे पहले प्रवेश करना होगा सेंटर के अंदर
बिहार बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि परीक्षार्थी को परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा भवन में प्रवेश कर लेना अनिवार्य है. देर से आने वाले परीक्षार्थी को उस बैठक की परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जायेगी. उन्होंने बताया कि सेंटर पर कदाचार मुक्त परीक्षा का आयोजन करने के लिए सख्त इंतजाम किये गए हैं. इसके साथ ही, गार्डिंग में लगाए गए शिक्षकों को भी सख्त निर्देश दिया गया है. पुलिस बल की नियुक्त किये गए हैं.