Kosilive Bihar News/मधुबनी
बासोपट्टी थाना क्षेत्र के खौना गांव में शुक्रवार की देर रात एक 36 साल के आदमी की फंदे पर लटकी लाश मिली। बताया जा रहा कि पारिवारिक कलह से परेशान होकर युवक ने आत्महत्या की है। देर रात ही युवक का उसकी पत्नी के साथ विवाद हुआ था।
इसके बाद पत्नी घर से बाहर निकल गई। कहा जा रहा कि इसी बीच पति ने गले में फंदा डालकर सुसाइड किया होगा। कुछ समय बाद जब घर में कोई चहल-पहल नहीं दिखी तो परिजन जब घर की ओर बढ़े तो देखा कि युवक गले में फंदा डालकर लटका पड़ा है। इस घटना की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई जिसके बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। मामले की सूचना बासोपट्टी थाना को दी गई। सूचना पाते ही बासोपट्टी थाना की पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची।
पुलिस द्वारा फंदे से लटके हुए व्यक्ति को नीचे उतारा गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों से इस घटना के संबंध में पूछताछ करने लगे। इसी दौरान जानकारी मिली की पारिवारिक कलह की वजह से युवक ने खुदकुशी की है।
बासोपट्टी थाना की पुलिस द्वारा कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी सदर अस्पताल भेजने की तैयारी में जुट गए हैं। मृतक युवक की पहचान संजीव सहनी उम्र 36 खौना गांव निवासी के रूप में हुई है, मृतक युवक के दो बच्चे हैं।