Kosilive Bihar News/किशनगंज से सटे भारत के पड़ोसी देश नेपाल में भूस्खलन से बड़ी दुर्घटना हुई है। इसमें किशनगंज के 4 युवकों की मौत हो गई है। ये घटना शुक्रवार की देर शाम नेपाल के पहाड़ी क्षेत्र फीकल में घटी है जिसमें वहां काम के सिलसिले में पहुंचे किशनगंज के मजदूरों की मौत हो गई। मरने वालों में दो लड़के नाबालिग हैं।
बताया गया कि हादसे में किशनगंज के दिघलबैंक थाना क्षेत्र के बैरबन्ना निवासी चार लोगों की मौत हुई है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। मृतकों की पहचान मोहम्मद अब्दुल (उम्र-18 वर्ष), मोहम्मद तौसीफ (उम्र- 18 वर्ष), मोहम्मद मुजफ्फर ( उम्र- 16 वर्ष) और मो. अजीमुद्दीन (उम्र- 16 वर्ष) चारो दिघलबैंक के बेर बन्ना ग्राम निवासी के रूप में हुई है। ये लोग नेपाल में मजदूरी करने के सिलसिले में गए थे। इस दर्दनाक हादसे की खबर सुनते ही चारों के परिवार के साथ-साथ गांव में मातम पसर गया है।
दिघलबैंक थाना अध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों द्वारा पुलिस को दी गई है। चारों युवकों के शव का पोस्टमार्टम नेपाल में ही होगा। शव के भारत आने के बाद ही कोई आधिकारिक पुष्टि की जा सकती है। फिलहाल पुलिस परिजनों से बातचीत कर रही है।